The News Air- पंजाब के पहले दलित सीएम चरणजीत चन्नी जब मंत्री रहे तो उनकी संपत्ति बढ़ती रही। हालांकि मुख्यमंत्री बनते ही इसमें कमी आ गई। यही नहीं वह क़र्ज़दार भी हो गए। 2012 में चुनाव लड़ने के दौरान चन्नी की संपत्ति 9.20 करोड़ थी, जबकि उन पर 17.72 लाख का क़र्ज़ा भी था। 2017 में उनकी संपत्ति बढ़कर 11.70 करोड़ हो गई और क़र्ज़ भी कम होकर 10.84 लाख हो गया।
इसके बाद पहले वह मंत्री और फिर मुख्यमंत्री बने। अब 2022 में उनकी संपत्ति घटकर 6.17 करोड़ रह गई और 63.30 लाख का क़र्ज़ा भी चढ़ गया। सीएम चन्नी आज यानी मंगलवार को चमकौर साहिब सीट से नामांकन भरेंगे। कल उन्होंने भदौड़ सीट से नामांकन भरा था।
2012 में MLA बने चन्नी की संपत्ति
साल 2012 में चरणजीत चन्नी के पास 20 लाख का कैश था। 9.54 लाख रुपए बैंक में जमा थे। 37 हज़ार की पोस्टल सेविंग थी। 16 लाख की फॉर्च्यूनर, 5 लाख का गोल्ड समेत कुल 50.91 लाख की चल संपत्ति थी। इसके अलावा चन्नी के पास खरड़ में 8.70 करोड़ की 57 कनाल ज़मीन, खरड़ -मोरिंडा में कॉमर्शियल बिल्डिंग थी। चन्नी पर 17.72 लाख का क़र्ज़ा भी था।
2017 में फिर MLA बने चन्नी की संपत्ति बढ़ी, क़र्ज़ा घटा
चरणजीत चन्नी के पास 2.40 लाख कैश, 17.02 लाख रुपए बैंक में, 5 लाख की पोस्टल सेविंग, 7 लाख की ज्वेलरी और 16 लाख की फॉर्च्यूनर समेत कुल 47.42 लाख की चल संपत्ति थी। इसके अलावा चन्नी की अचल संपत्ति बढ़कर 11.70 करोड़ हो गई। इसके अलावा चन्नी पर 10.84 लाख का क़र्ज़ा रहा।
2022 में मंत्री और फिर मुख्यमंत्री बने लेकिन संपत्ति घटी, क़र्ज़ा बढ़ा
2022 में सीएम चन्नी के पास डेढ़ लाख कैश, बैंक में 78.50 लाख, 32.57 लाख की फॉर्च्यूनर, 10 लाख की ज्वेलरी और पेट्रोल पंप में 26.67 लाख की इन्वेस्टमेंट समेत कुल 1.46 करोड़ की चल संपत्ति है। सीएम के पास 2.46 करोड़ की अचल संपत्ति रह गई। इस दौरान सीएम का क़र्ज़ बढ़कर 63.29 लाख हो गया।
CM चन्नी की पत्नी अमीर होती गई
2012 में सीएम चन्नी की सरकारी डॉक्टर पत्नी कमलजीत कौर के पास 85 हज़ार बैंक डिपॉजिट, 18 लाख की इनोवा, बोलेरो और स्विफ्ट, 7 लाख की ज्वेलरी समेत कुल 25.85 लाख की संपत्ति थी। पत्नी के नाम पर भी एक करोड़ की ज़मीन थी। पत्नी पर 26.62 लाख का क़र्ज़ा था।
2017 में पत्नी के पास 2.10 लाख कैश, 21.82 लाख बैंक में, 21 लाख की इनोवा और वर्ना कार, 35 लाख का सोना समेत कुल 79.92 लाख रुपए की चल संपत्ति थी। पत्नी की अचल संपत्ति भी एक से बढ़कर डेढ़ करोड़ हो गई। पत्नी 5 साल में क़र्ज़ा मुक्त भी हो गई।
2022 में पत्नी के पास 50 हज़ार कैश और बैंक में 12.26 लाख रुपए, 18 लाख की पॉलिसी, 15.78 लाख की सेल्टॉस और 30.21 लाख की फॉर्च्यूनर और 54 लाख की ज्वेलरी समेत 1.16 करोड़ की चल संपत्ति है। पत्नी के पास 1.20 करोड़ की अचल संपत्ति है। वहीं पत्नी भी फिर से 25 लाख की क़र्ज़दार हो गई।