Weather Update: उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्य पिछले कई दिनों से हीट वेव (Heat Wave) की चपेट में हैं। दिल्ली में तापमान ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जबकि पड़ोसी हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कुछ इलाकों में राहत मिलने की संभावना जताई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Metrological department -IMD) ने कहा है कि मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं बुधवार को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों मे बारिश हो सकती है।
जानिए दिल्ली में मौसम का हाल
IMD के डेटा के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 7 डिग्री अधिक है। अप्रैल महीने में यह अब तक सबसे ज्यादा है। 72 सालों में यह पहली बार है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अप्रैल की पहली छमाही में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया है। राजधानी में इस साल अप्रैल में अब तक 5 दिन सबसे ज्यादा गर्म रहे। IMD ने कहा है कि इसके पहले अप्रैल 2017 में चार दिन सबसे ज्यादा गर्म थे। शहर में 21 अप्रैल 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 29 अप्रैल 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया। यह सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान था।
गर्मी से राहत मिलने के आसार
दिल्ली में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने से भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि कुछ हिस्सों में लू भी चल सकती है। मौसम विभाग ने लू के लिए येलो (yellow) अलर्ट भी जारी किया है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
यहां हो सकती है बारिश
IMD ने कहा है कि बुधवार को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में अलग-अलग इलाकों बारिश हो सकती है। मंगलवार और बुधवार को हरियाणा और पंजाब के दक्षिणी हिस्सों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने के आसार हैं। इसके तीन बाद फिर से तापमान बढ़ सकता है।