The News Air- देश में कोरोना का संक्रमण फिर से चिंताजनक हो रहा है। 10 बड़े राज्यों में पिछले 30 दिन के दौरान 2400 स्टूडेंट कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें सबसे ज़्यादा 1700 स्टूडेंट महाराष्ट्र के हैं। संक्रमित होने वाले ज़्यादातर छात्र शादी-पार्टियों में या तो ख़ुद शामिल हुए हैं, या उनके परिजन किसी कार्यक्रम से लौटे हैं।
उधर, कर्नाटक के धारवाड़ मेडिकल कॉलेज में कोरोना पॉजिटिव स्टूडेंट्स की संख्या गुरुवार को 182 हो गई है। एक दिन पहले बुधवार को यहां 66 मेडिकल स्टूडेंट संक्रमित मिले थे। खासबात यह है कि सभी फुली वैक्सीनेटेड थे यानी दोनों डोज़ ले चुके थे। कॉलेज के हेल्थ ऑफ़िसर्स ने बताया कि यहां कुछ दिनों पहले फ्रेशर्स पार्टी आयोजित की गई थी। उससे ही कोरोना फैला होगा।
राजस्थान: 12 छात्रों के संक्रमित होने के बाद स्कूल बंद
राजस्थान में 20 सितंबर से स्कूल खोल दिए गए। 23 नवंबर को जयपुर के एक स्कूल में 185 बच्चों का कोरोना टेस्ट किया गया था, जिसमें 12 से ज़्यादा पॉजिटिव आए हैं। संक्रमण से पिछले सप्ताह यहां एक बच्चे की मौत हुई है। इससे पहले 16 नवंबर को जयपुर के एक स्कूल में 2 बच्चे पॉजिटिव आए थे। इनके माता-पिता एक शादी में गए थे। उनके लौटने के बाद सभी संक्रमित हो गए।
महाराष्ट्र: स्कूल खुलने के बाद बढ़े पॉजिटिव स्टूडेंट
महाराष्ट्र में 4 अक्टूबर से स्कूल खुल चुके हैं। यहां पिछले 1 महीने के अंदर 1.7 हज़ार से ज़्यादा स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। रोज़ाना मामले 600 से 800 के बीच आ रहे हैं।
ओडीशा: 75 छात्र पॉजिटिव आने के बाद अलर्ट
ओडीशा के सुंदर गढ़ ज़िले में 23 नवंबर को सरकारी स्कूल की 53 छात्राएं और संबलपुर में मेडिकल कॉलेज के 22 छात्र संक्रमित पाए गए थे। संक्रमित पाईं गयीं लड़कियां कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं की छात्राएं थीं। इन्होंने हाल ही में वार्षिक समारोह में भाग लिया था।
पंजाब: 14 छात्र पॉजिटिव आने के बाद नवोदय स्कूल बंद
पंजाब में 2 अगस्त से स्कूल खोले गए। यहां 24 नवंबर को मुक्तसर के नवोदय स्कूल में 14 स्टूडेंट्स कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इनमें 12 छात्राएं थीं। केस सामने आने के बाद स्कूल को बंद कर संक्रमित छात्रों को आइसोलेट कर दिया गया।
हिमाचल: कांगड़ा ज़िले में ही 408 छात्र पॉजिटिव
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िले में पिछले एक महीने के अंदर 408 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में 50 टीचर भी शामिल हैं। इससे पहले 29 अक्टूबर को राज्य में 65 विद्यार्थियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
उत्तराखंड: दून स्कूल में 8 स्टूडेंट मिले थे पॉजिटिव
राज्य में 26 नवंबर यानी आज से स्कूल पूरी तरह खुल गए हैं। पहले इन्हें सिर्फ़ 4 घंटे संचालित किया जा रहा था। इससे पहले यहां अक्टूबर में दून स्कूल के 8 छात्र पाजिटिव आए थे। सभी संक्रमित छात्रों को स्कूल में ही आइसोलेट किया गया था।
मध्यप्रदेश: IIM में 9 डिफेंस ऑफ़िसर कोरोना पॉजिटिव
मध्यप्रदेश में 1 नवंबर से स्कूल खुल गए हैं। 24 नवंबर को इंदौर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट (IIM) में 9 डिफेंस ऑफ़िसर पॉजिटिव आए हैं। इनमें से 7 की उम्र 35 साल से भी कम है। एक सप्ताह पहले मध्यप्रदेश सरकार ने कोरोना के सभी प्रतिबंध ख़त्म कर दिए हैं। प्रदेश में इस समय 85 के क़रीब एक्टिव केस हैं।
दिल्ली: नवंबर में खुले थे स्कूल, फिर बंद किए
राजधानी में 1 नवंबर से स्कूल खुले थे, लेकिन बढ़ते प्रदूषण के कारण दोबारा छुट्टी घोषित कर दी गई। यहां पिछले एक सप्ताह से रोज़ाना 30-40 कोरोना केस सामने आ रहे हैं। यहां संक्रमण दर 0.05% है। गुरुवार तक यहां संक्रमण के 14.40 लाख केस सामने आ चुके हैं। 14.15 लाख से ज़्यादा मरीज़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 25 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
UP: एक्टिव केस 100 के क़रीब
उत्तर प्रदेश में 24 अगस्त से 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ स्कूल खुल चुके हैं। यहां 23 नवंबर को 12 नए संक्रमित मिले थे। इसके बाद एक्टिव केस बढ़कर 104 हो गए थे। राज्य में अब तक 17.10 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। 16.87 लाख ठीक हो चुके हैं। रिकवरी रेट 98.7 प्रतिशत है। अभी तक कुल 8.64 करोड़ लोगों की कोरोना जांच कराई हुई है।