The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने तमाम अटकलों पर विराम लगाकर आख़िरकार अपने सीएम चेहरे का ऐलान कर दिया है। पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) पार्टी भगवंत मान के नेतृत्व में लड़ेगी। यानी पंजाब में आप को बहुमत मिलता है तो मुख्यमंत्री भगवंत मान होंगे। इस संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने मोहाली में भगवंत मान के चेहरे पर मुहर लगाई। केजरीवाल ने कहा कि 93.3% लोगों ने भगवंत मान को अपना CM चेहरा माना। मान पंजाब में संगरूर से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सांसद हैं।
हर चेहरे पर ख़ुशी लाएंगे – भगवंत मान
अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद के लिए उम्मीदवार के नाम का एलान करते हुए कहा किस लोग यह पूछते थे कि दूल्हा कौन होगा? मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है? उन्होंने कहा कि भगवंत मान के नाम का एलान कर देता तो लोग भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते। इसलिए हमनें लोगों की राय जानने के लिए एक नम्बर जारी किया। वहीं नाम के ऐलान के बाद भगवंत मान ने कहा कि उदास पंजाब के चेहरे पर ख़ुशी लाने के लिए बहुत मेहनत करनी होगी और वो हम करेंगे।
रेस में थे पांच दावेदार
बता दें कि आप ने सीएम फेस के लिए फ़ोन नंबर जारी करके जनता की राय माँगी थी। सोमवार शाम 5 बजे तक लोगों को अपने सजेशन देने थे। इस बार चुनावी कैंपेन की शुरुआत से ही अरविंद केजरीवाल कहते रहे हैं कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का चेहरा कोई पंजाबी ही होगा और सिख समुदाय से होगा। इसके बाद से पार्टी से जुड़े तमाम सिख नेताओं को लेकर क़यास लगने शुरू हो गए थे। पार्टी से सीएम के चेहरे के लिए पांच दावेदार माने जा रहे थे। इस रेस में भगवंत मान (Bhagwant Mann) के अलावा नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, विधायक अमन अरोड़ा, बलजिंदर कौर और विधायक सरबजीत कौर का नाम शामिल था।
आप को इस चुनाव से उम्मीद
पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 20 फरवरी को मतदान होगा। नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे। 2017 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 10 साल बाद शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बाहर कर दिया था। आम आदमी पार्टी 20 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, उसके बाद शिअद जिसने 15 सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी को तीन सीटें मिली थीं। पिछले बार से परिणाम से आप काफ़ी उत्साहित है और उसे उम्मीद है कि इस बार के चुनाव में जनता उसे सिरमौर बनाएगी।