The News Air- पंजाब में बाजवा ब्रदर्स के बीच सियासी ज़ंग नहीं होगी। विधायक फ़तेह ज़ंग बाजवा कादियां सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। यहां से उनके भाई प्रताप सिंह बाजवा कांग्रेस कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। फ़तेह ज़ंग बटाला सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। अभी भाजपा ने इसकी घोषणा नहीं की है। भाजपा ने गठबंधन में कादियां सीट शिरोमणि अकाली दल संयुक्त को दी है, जहां से सुखदेव ढींढसा की पार्टी शिअद संयुक्त ने मास्टर जौहर सिंह को उतारा है।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए फ़तेह ज़ंग
फ़तेह ज़ंग बाजवा कादियां सीट से कांग्रेस के सिटिंग विधायक हैं। इस बार भी वह टिकट के दावेदार थे। पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू भी उनके समर्थन में थे। अचानक सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने कादियां सीट पर दावा ठोक दिया। जिसको कांग्रेस हाईकमान ने भी मंजूरी दी। इसका पता चलते ही फ़तेह ज़ंग ने कांग्रेस छोड़ भाजपा जॉइन कर ली।
यहां थी भाइयों की पुरानी ज़ंग
कादियां में प्रताप और फ़तेह ज़ंग की यह ज़ंग नई नहीं है। 2012 तक यहां से प्रताप बाजवा ही चुनाव लड़ते रहे हैं। उनकी पत्नी चरणजीत कौर बाजवा 2012 में यहां से MLA रहीं। उसके बाद 2017 में फ़तेह ज़ंग को यह सीट दे दी गई थी। वह चुनाव जीत भी गए। हालांकि इसके बाद प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य की राजनीति में वापस लौटने का फ़ैसला कर लिया।