The News Air- पंजाब की AAP सरकार ने एक और बड़ा फ़ैसला लिया है। राज्य में अब लोगों को राशन लेने के लिए डिपो जाने की ज़रूरत नहीं होगी। पंजाब सरकार उनके घर ख़ुद यह राशन पहुंचाएगी। सोमवार को CM भगवंत मान ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को मज़दूरी छोड़कर या घंटों इंतज़ार कर राशन डिपो पर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे।
डिजिटल तौर पर सब चीज़ें घर पहुंच रहीं तो राशन क्यों नहीं?
CM भगवंत मान ने कहा कि आज़ादी के 75 साल बाद भी लोगों को अपने हिस्से का राशन लेने के लिए लंबी लाइनों पर खड़े होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तौर पर सब चीज़ें घर पहुंच ज़ाती हैं। कई बार तो ग़रीब आदमी को राशन के लिए दिहाड़ी छोड़नी पड़ ज़ाती है। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुख की बात है। मैं बुज़ुर्ग माताओं को भी जानता हूं, जो 2 किमी दूर डिपो से राशन लाती हैं। फिर उसकी सफ़ाई करती हैं। कई बार खाने लायक़ न होने पर भी उन्हें यह राशन खाना पड़ता है। अब इन सबसे छुटकारा मिलेगा।
अफ़सर फ़ोन पर पूछेंगे, आप घर पर तभी आएगा राशन
हमने फ़ैसला किया है कि हम आपके घर तक राशन पहुंचाएंगे। राशन की डोर स्टेप डिलीवरी होगी। साफ़ बोरियों में आटा, गेहूँ और दाल पहुंचाएंगे। लोगों को दिहाड़ी छोड़ने या लाइन में लगने की ज़रूरत नहीं होगी। अफ़सर जरुर फ़ोन कर पूछेंगे कि आप कितने बजे घर पर होंगे। वह उसी वक़्त आकर आपको राशन देकर जाएंगे। यह व्यवस्था वैकल्पिक होगी। अगर डिपो नज़दीक है तो आप वहाँ से भी अपने हिस्से का राशन ला सकते हैं। अगर कहीं राशन में कमी आती है तो हमें बताएं।
दिल्ली में भी की थी लागू, रोक दिया गया
CM भगवंत मान ने कहा कि यह स्कीम दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने भी लागू किया था। बदकिस्मती से उन्हें रोक दिया गया। पंजाब में इस स्कीम को लागू करने जा रहे हैं। इसे हम कामयाब करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि लोग सरकार चुनते हैं तो फिर उन्हें सहूलियत का हक़ है।