The News Air- आम आदमी पार्टी (AAP) ने हिमाचल प्रदेश में धमाकेदार एंट्री की तैयारी कर ली है। इसके लिए 6 अप्रैल को मंडी में एक रोड शो किया जा रहा है। इसके ज़रिए आप सुप्रीमो दिल्ली सीएम अरविंदर केजरीवाल विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल फूंकने जा रहे हैं। उनके साथ रोड शो में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी होंगे। रोड शो की तैयारियां जोरो-शोरों से चल रही हैं।
रोड शो की शुरुआत मंडी के विक्टोरिया पुल से होगी और इसका समापन पड्डल मैदान में होगा। रोड शो के लिए प्रदेशभर से पार्टी वर्कर और आम लोगों की भीड़ जुटाने के प्रयास जारी हैं। हालांकि अब आप नेता दावा कर रहे हैं कि रोड शो का फोक्स मंडी संसदीय क्षेत्र पर रहेगा। मंडी संसदीय क्षेत्र के अलावा दूसरे विधानसभा हलक़ों के सक्रिय कार्यकर्ता भी इस रैली में शामिल होंगे।
अपने ख़र्च से पहुंचना होगा रैली में
रोक किसी के लिए नहीं होगी, लेकिन रोड शो में शामिल होने के इच्छुक लोगों को अपने निजी वाहन और ख़र्च पर मंडी पहुंचना होगा। पार्टी द्वारा रोड शो के लिए बसों की व्यवस्था नहीं की जा रही है। विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए पदाधिकारी डोनेशन इकट्ठा करके निजी वाहन हायर करके रैली में पहुंच सकते हैं। वाहनों के लिए पार्टी फाइनेंस नहीं करेगी।
कई बड़े नेता थाम सकते है पार्टी का दामन
रोड शो से अरविंद केजरीवाल हिमाचल में अक्तूबर-नवंबर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव का बिगुल फूकेंगे। सूत्रों की मानें तो मंडी रैली में कांग्रेस-भाजपा के कई बड़े चेहरे अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में AAP का दामन थाम सकते हैं। प्रदेश के ऐसे बड़े नेता सीधे अरविंद केजरीवाल से संपर्क में हैं। वहीं आए दिन काफ़ी संख्या में कांग्रेस भाजपा से रुष्ट लोग आम आदमी पार्टी के जुड़ रहे हैं।