The News Air- पंजाब में भ्रष्टाचार ख़त्म करने के दावे पर सियासी ज़ंग तेज़ हो गई है। राज्य की नई AAP सरकार को इस दावे पर भाजपा ने घेरा है। भाजपा ने एक वीडियो शेयर किया है। जो AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल का है। इसमें गुजरात में केजरीवाल ने कहा कि हमने पंजाब में 10 दिन में भ्रष्टाचार ख़त्म कर दिया। एक इंटरव्यू के दौरान केजरीवाल ने कहा कि हमने 16 दिन में भ्रष्टाचार ख़त्म किया। इसके बाद केजरीवाल भगवंत मान के साथ हिमाचल प्रदेश के दौरे पर गए। वहाँ केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में हमने 20 दिनों में भ्रष्टाचार ख़त्म कर दिया। पंजाब भाजपा ने तीनों वीडियो शेयर कर तंज़ कसा कि केजरीवाल जी, गिनती सीख लो।
CM मान ने जारी कर चुके हेल्पलाइन नंबर
पंजाब में आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े चुनावी मुद्दों में भ्रष्टाचार ख़त्म करना भी शामिल था। सरकार बनी तो CM भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस 23 मार्च को एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी किया। इस नंबर 9501200200 पर कोई भी व्यक्ति ऑडियो या वीडियो भेजकर रिश्वत मांगने वालों की शिकायत कर सकता है।
कांग्रेस भी घेर चुकी
अरविंद केजरीवाल के दावे पर कांग्रेस नेता सुखपाल खैहरा ने भी घेराबंदी की थी। गुजरात में केजरीवाल के 10 दिन में भ्रष्टाचार के दावे पर खैहरा ने तंज़ कसा था। खैहरा ने कहा कि CM की हेल्पलाइन पर 1.50 शिकायतें आई। उनमें से सिर्फ़ 3 पर कार्रवाई हुई और केजरीवाल भ्रष्टाचार ख़त्म करने का दावा कर रहे हैं।