The News Air- पंजाब में मतगणना से पहले EXIT POLLS पर राजनीतिक घमासान मच गया है। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने इन्हें आम आदमी पार्टी (AAP) का पेड सर्वे क़रार दिया। इसके जवाब में AAP के CM चेहरा सांसद भगवंत मान ने कहा कि सुखबीर बादल तो 25 साल राज़ करने की बात करते थे। वह दावा कहां गया? आप नेता हरपाल चीमा ने कहा कि चुनाव में हार देख सुखबीर बादल शायद दिमाग़ी संतुलन खो चुके हैं।
सांसद और पंजाब में पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा भगवंत मान ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सूबे में फ़तवा बदलाव के लिए होगा। उन्होंने सुखबीर बादल के एग्जिट पोल्स को फ़र्ज़ी और पेड क़रार दिए जाने पर मखौल उड़ाते हुए कहा कि वह अभी भी कुछ कह रहे हैं। वह तो पहले 25 साल राज़ करने की बात भी करते रहे हैं।
हक़ में आए तो सही और उलट आए तो ग़लत : हरपाल चीमा
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल चीमा ने कहा कि सुखबीर बादल बौखला गए हैं। जब 2007 और 2012 में एग्जिट पोल उनके हक़ में आए तो वह सही थे क्योंकि उनकी सरकार बनी। अब वह इसे नकार रहे हैं। ऐसा लगता है कि वह दिमाग़ी संतुलन खो चुके हैं। अकाली दल पंजाब में बुरी तरह से हार रहा है। अकाली उम्मीदवारों की ज़मानत ज़ब्त हो चुकी है। उन्होंने काले क़ानूनों का समर्थन किया। उनके राज़ में सबसे ज़्यादा बेअदबी की घटनाएं हुई। इसकी सज़ा उन्हें पंजाब के लोगों ने दी है।
यह कहा था सुखबीर बादल ने
सुखबीर बादल ने अमृतसर पहुंचने के बाद कहा कि एग्जिट पोल पर किसी पंजाबी को यक़ीन नहीं है। पिछली बार आप को 100 सीटें दी गई थी लेकिन सिर्फ़ 20 सीटें आई। ममता बनर्जी को भी एग्जिट पोल में 100 सीटें नहीं दी गई लेकिन वह 200 सीटें जीतीं। बंगाल में भाजपा को बहुमत दे रहे थे लेकिन 60 सीटें मिली। सुखबीर ने कहा कि एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल पर बैन लगना चाहिए। सुखबीर ने कहा कि चुनाव आयोग हर चीज़ को देख रहा है तो इसे भी देखना चाहिए। सरकारी पैसे का दुरुपयोग कर पेड पोल से चुनाव को प्रभावित किया जा रहा है।