The News Air: हिमाचल प्रदेश के कुछ और वरिष्ठ कांग्रेसियों को पार्टी की स्टेट कार्यकारिणी में जगह मिल सकती है। नई प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPC) अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाक़ात के दौरान इस संबंध में सिफ़ारिश की है।
प्रतिभा सिंह अपनी नियुक्ति के बाद शनिवार को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलीं। प्रतिभा ने अपनी नियुक्ति पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार जताया है। मुलाक़ात के दौरान उन्होंने सोनिया को इस बात से अवगत कराया कि नई घोषित कार्यकारिणी में कुछ वरिष्ठ नेताओं शामिल नहीं किया गया है। ऐसे सीनियर नेताओं को कार्यकारिणी में शामिल कर उन्हें मान सम्मान देना चाहिए और उनके अनुभव का लाभ उठाना चाहिए। प्रतिभा के अनुसार, सोनिया गांधी ने भी इस बात को स्वीकार किया है।
इस मुलाक़ात के बाद संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस हाईकमान छूट गए नेताओं को जल्द कार्यकारिणी में शामिल कर नई ज़िम्मेदारी दे सकती है। हालांकि कांग्रेस ने पहले ही 50 से अधिक नेताओं को अलग-अलग कमेटियों में नियुक्ति दे जंबो कार्यकारिणी घोषित की है।
AAP को नहीं देती तरजीह
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी (AAP) का कोई जनाधार नहीं है। AAP में केवल वहीं लोग जा रहे हैं, जिन्हें कांग्रेस-BJP से टिकट मिलने की उम्मीद नहीं है। अब AAP में जाने के बाद यह लोग भी पछता रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह AAP को अहमियत नहीं देतीं। विधानसभा चुनाव में टक्कर कांग्रेस और BJP के बीच ही होगी।
ज़िलों के दौरे शुरू करेंगी प्रतिभा
PCC चीफ़ ने कहा कि जल्द सभी ज़िलों के दौरे शुरू करेंगी। इस दौरान लोगों और कार्यकर्ताओं से मिलेंगी और उनकी राय लेंगी। साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भी भरेंगी।