The News Air – (चंडीगढ़) कोरोना के बढ़ते मरीज़ों को देखते हुए चंडीगढ़ में भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 5 बज तक होगा। इस दौरान आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके ज़रूरी वस्तुओं को छोड़कर मार्केट्स भी बंद करनी होंगी। सिर्फ़ इमरजेंसी सेवाओं को नाइट कर्फ्यू के लिए छूट रहेगी। विशेष परिस्थिति के लिए प्रशासन की तरफ़ से पास जारी किए जाएंगे। इस बारे में विस्तृत आदेश का इंतज़ार किया जा रहा है।
स्कूल और शिक्षा संस्थान भी बंद करने की तैयारी
नाइट कर्फ्यू के अलावा चंडीगढ़ के सभी स्कूल समेत तमाम शैक्षणिक संस्थान बंद करने की तैयारी हो चुकी है। इस बारे में औपचारिक आदेश का इंतज़ार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक़ नाइट कर्फ्यू के साथ शैक्षणिक संस्थान भी बंद कर दिए गए हैं।
पुलिस दफ़्तर में 50% स्टाफ़ के साथ होगा काम
चंडीगढ़ में बढ़ते कोरोना केसों के चलते पुलिस आफ़िस में अब 50% स्टाफ़ ही काम करेगा। इस बारे में पुलिस डिपार्टमेंट की सुपरिंटेंडेंट जसबीर कौर ने पत्र भेज दिया है। पुलिस हेडक्वार्टर की सभी ब्रांचों में यह आदेश लागू होंगे।
सुखना लेक, रॉक गार्डन और बर्ड पार्क हो चुके बंद
चंडीगढ़ में लगातार बढ़ रहे कोरोना केसों को देखते हुए प्रशासन पहले ही सख़्ती बरत चुका है। इसके तहत रॉक गार्डन और बर्ड पार्क को बंद किया जा चुका है। वहीं, सुखना लेक में बोटिंग से लेकर हर तरह की गतिविधि रविवार को पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि सोमवार से शनिवार तक कुछ घंटों की छूट दी गई है। सुबह 5 से 9 बजे और शाम को 6 से 8 बजे तक मॉर्निंग एवं इवनिंग वॉक को छूट दी गई है। हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा है कि अगर लोग कोविड सावधानियों का पालन करेंगे, तभी यह छूट बरक़रार रहेगी।