The News Air- पंजाब कांग्रेस चीफ़ नवजोत सिद्धू ने अब राज्य के लिए रोज़गार मॉडल पेश किया है। चंडीगढ़ में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के साथ प्रेस कान्फ्रेंस में सिद्धू ने कहा कि सरकार बनने पर पंजाब में 5 साल में 5 लाख नौकरी देंगे। इसे सिद्धू ने अर्बन एंप्लॉयमेंट गारंटी मिशन का नाम दिया है। सिद्धू ने कहा कि मनरेगा की दिहाड़ी को 260 से बढ़ाकर 350 करेंगे।
पंजाब में हर मज़दूर की लेबर कमीशन में रजिस्ट्रेशन होगी। हर मज़दूर को ग़रीबी रेखा से नीचे (BPL) कार्ड दिया जाएगा। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में स्टेट लेबर रिफॉर्म्स कमीशन बनाया जाएगा। इंडस्ट्री के पास स्किल्ड लेबर नहीं है। अब इंडस्ट्री वालों को पार्टनर बनाकर ज़रूरत के हिसाब से लेबर तैयार कर उन्हें सप्लाई की जाएगी। मिड डे मील में अंडा और दूध भी दिया जाएगा। मज़दूरों को पब्लिक राशन वितरण प्रणाली से राशन मिलेगा। बीपीएल कार्ड धारकों को 5 अनाज का आटा और दाल मिलेगी।
शराब, माइनिंग कार्पोरेशन, ट्रांसपोर्ट में देंगे बंपर नौकरियां
- पंजाब में शराब कार्पोरेशन बनाई जाएगी। इसमें तमिलनाडू 35 हज़ार जॉब दे रहा है। पंजाब इसमें 50 हज़ार नौकरियां देगा।
- माइनिंग कार्पोरेशन में 50 हज़ार पंजाबियों को नौकरियां दी जाएंगी। यह सभी पक्की नौकरियां होंगी।
- ट्रांसपोर्ट में 70 हज़ार नौकरियां दी जाएंगी। एक बस के पीछे 10 से 11 जॉब दी जाएंगी। ग्रामीण युवाओं को सस्ते रेट पर बस के रूट दिए जाएंगे।
- हेल्थकेयर में 20 हज़ार नौकरियां देंगे। यह नौकरियां मोबाइल वैन और एटीएम क्लीनिक के ज़रिए दी जाएंगी। जहां से लोग सस्ते रेट पर दवाएं ख़रीद सकते हैं।
- डॉक्टरों से कंसल्ट के लिए टेली कंसल्टेंशन की सुविधा होगी। पंजाब के 12 हज़ार गांवों में इन्हें बनाया जाएगा। इनमें नौकरियां मिलेंगी।
- ख़ाली पड़े 1 लाख पद भरे जाएंगे। इसके लिए माफ़िया को ख़त्म किया जाएगा। टीचर समेत सभी कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा।
केजरीवाल पर साधे निशाने
नवजोत सिद्धू ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को नहीं पता कि किस दफ़्तर में कौन सी नौकरी है। केजरीवाल ने तो कमाई वाले रूट बादलों को दे दिए। केजरीवाल ने बादलों से साठगांठ कर रखी है। पंजाब की सरकारी बसों को दिल्ली में एयरपोर्ट तक जाने की इजाज़त नहीं है।