चंडीगढ़, 13 जुलाई (The News Air)
कांग्रेस पार्टी को झटका देते पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव दलजीत सिंह (भोला) ग्रेवाल आज अपने सैंकड़ों साथियों समेत आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। दलजीत सिंह ग्रेवाल की ओर से आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने से पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में पार्टी को बड़ी ताकत मिली है। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रधान और सांसद भगवंत मान, दिल्ली के विधायक और पंजाब मामलों के सह-इंचार्ज राघव चड्ढा और विधायक प्रो. बलजिन्दर कौर ने चंडीगढ़ में दलजीत सिंह (भोला) ग्रेवाल और उनके साथियों का औपचारिक तौर पर स्वागत किया।
‘आप’ में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की लोक हितैषी नीतियां और दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यों से प्रभावित हो कर पंजाब के हर वर्ग के लोग ‘आप’ में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दलजीत सिंह (भोला) ग्रेवाल लुधियाना जिले की जानी पहचानी सख्शियत हैं। ग्रेवाल लम्बा समय लुधियाना नगर निगम के कौंसिलर रहे हैं और उनकी पत्नी बलविंदर कौर ग्रेवाल भी पार्षद के तौर पर सेवाएं निभा रहे हैं। मान ने कहा कि दलजीत सिंह (भोला) ग्रेवाल और उनके साथियों की ओर से आम आदमी पार्टी में शामिल होने से औद्योगिक शहर लुधियाना में आप को काफी मजबूती मिली है।
इस समय दलजीत सिंह (भोला) ग्रेवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की पंजाब और लोक विरोधी नीतियों के कारण कांग्रेस पार्टी को छोड़ कर आम आदमी पार्टी में सेवा करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हर समय आम लोगों के हितों के लिए काम किया है और पंजाब में आप की सरकार बनने पर लोगों को लाभ मिलेगा।