चंडीगढ़, 13 जून:
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने भारतीय महिला राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान और महान एथलीट फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह के देहांत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वह मोहाली के एक निजी अस्पताल में आज शाम कोरोना महामारी से जूझने के उपरांत चल बसीं। वह अपने पीछे पति, एक बेटा और तीन बेटियाँ छोड़ गईं। उनका बेटा जीव मिल्खा सिंह प्रसिद्ध गौल्फर है।
अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्मल मिल्खा सिंह के निधन से खेल जगत को कभी ना पूरा होने वाला घाटा पड़ा है। वह पंजाब में महिलाओं के खेल विभाग की डायरैक्टर भी रही हैं।
दुखी परिवार, सगे-संबंधियों और दोस्तों के साथ दिली हमदर्दी ज़ाहिर करते हुए कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने दिवंगत आत्मा की आत्मिक शांति और इस दुख की घड़ी में पीछे पारिवारिक सदस्यों और सगे-संबंधियों को इस दुख को सहन करने का बल प्रदान करने की प्रार्थना की।—