The News Air- पंजाब में कांग्रेस ने माफ़िया के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को घेरना शुरू कर दिया है। पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सीधे AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को चुनौती दी है। राजा वड़िंग ने उनका एक पुराना बयान ट्वीट किया। जिसमें केजरीवाल कह रहे हैं कि नई सरकार बनने के बाद माफ़िया ने उन्हें रिश्वत के लिए अप्रोच किया। अब राजा वड़िंग ने केजरीवाल और CM भगवंत मान को कहा कि जब आपको पता लग चुका है कि कौन-कौन माफ़िया चलाते हैं तो आप उनके नाम उजागर क्यों नहीं कर रहे।
यह कहा था केजरीवाल ने
अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जब राज्य में उनकी सरकार बनी तो पंजाब को लूट रहे माफ़िया ने उन्हें अप्रोच करना चालू कर दिया। मुझे, CM भगवंत मान, मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के नेताओं से संपर्क किया। माफ़िया ने पूछा कि बताओ आपके यहां क्या सिस्टम चलता है?, किसको पैसा देना होता है?, कैसे देना होता है?, क्या करना होता है?। केजरीवाल ने कहा कि मैंने सबको कहा कि ईमानदारी से काम करो वर्ना सबको जेल भेज देंगे। एक महीने के अंदर ही सब ठीक हो गया।
पंजाब चुनाव में बड़ा मुद्दा रहा माफ़िया
पंजाब चुनाव में माफ़िया बड़ा मुद्दा रहा। अवैध रेत खनन, ट्रांसपोर्ट और ड्रग्स माफ़िया के नाम पर नेताओं के बीच ख़ूब ज़ुबानी ज़ंग हुई। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू भी माफ़िया ख़त्म करने का वादा करते रहे। हालांकि पंजाबियों ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया। आप 117 में से 92 सीटें जीत गई। वहीं कांग्रेस सिर्फ़ 18 सीटों पर सिमट गई। कुछ दिन पहले बस ट्रांसपोर्टरों ने भी उन्हें माफ़िया कहे जाने पर ट्रांसपोर्ट मंत्री रहे राजा वड़िंग पर आरोप लगाए थे।