The News Air- अमृतसर- पंजाब में पठानकोट जिले की भोआ विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक बने लालचंद कटारूचक्क भी भगवंत मान की सरकार में मंत्री बन गए हैं। वह कांग्रेस के दिग्गज जोगिंदरपाल को 1204 वोट से हराकर विधानसभा पहुंचे। कटारूचक्क शुरू से राजनीति में एक्टिव रहे। उन्होंने अपना अधिकतर समय रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट ऑफ इंडिया पार्टी की सेवा में निकाला।
लालचंद कटारूचक्क साधारण जीवन जीने वाले व्यक्ति हैं। यही कारण है कि उन्हें जब आम आदमी पार्टी का साथ मिला तो जीत गए। लालचंद कटारूचक्क दसवीं पास हैं। रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट ऑफ इंडिया के साथ जुड़कर वह लोगों के बीच एक्टिव रहे। 47 साल के लालचंद ने जब AAP जॉइन की तो पार्टी ने उन्हें अपने SC विंग का प्रधान बना दिया। उनकी तरफ से फाइल किए गए एफिडेविट के अनुसार, लालचंद कटारूचक्क की कुल चल-अचल संपत्ति सिर्फ 6 लाख रुपए की है।
2017 में 13353 वोट मिले, इस बार जीत गए
लालचंद 2017 के विधानसभा चुनाव में पठानकोट जिले की भोआ सीट से रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट ऑफ इंडिया के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे और अपनी इमेज के दम पर 13,353 वोट हासल करने में कामयाब रहे। बीते 5 साल से वह आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे और अपने हलके में काम कर रहे थे। 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने उन्हें भोआ सीट से टिकट दिया। इस चुनाव में कटारूचक्क को 50,339 वोट मिले जबकि कांग्रेस कैंडिडेट जोगिंदरपाल को 49135 वोट मिले। इस तरह लालचंद कटारूचक्क चुनाव में 1204 वोटो से विजयी रहे।