The News Air- (नई दिल्ली) उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में आज शाम चुनाव ख़त्म हो जाएंगे। सबसे ज़्यादा सात चरण उत्तर प्रदेश में हुए। आज वहाँ आखिरी चरण की वोटिंग हो रही है। वोटिंग ख़त्म होते ही 7 मार्च शाम से एग्जिट पोल आने शुरू हो जाएंगे कि कहां किसकी सरकार बन रही है। उत्तर प्रदेश में इस बार भाजपा की योगी सरकार के सामने अखिलेश ने साइकिल दौड़ाने की भरसक कोशिश की है। बीजेपी के तीन मंत्रियों को भी तोड़ा। तो देखना है कि इन तीन मंत्रियों के आने और लंबी जद्दोजहद करने के बाद सपा को क्या मिल रहा है। भाजपा की योगी रथ इस बार क्या 300 के दावे पर पहुंच रहा है।
पंजाब में किसका पलड़ा भारी
पंजाब में इस बार कांग्रेस संकट में है। कैप्टन के जाने के बाद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने वहाँ अच्छी पकड़ बनाई है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि वहाँ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार बनाने की स्थिति में हो सकती है। हक़ीक़त में क्या होना है, यह तो 10 मार्च को पता चलेगा, लेकिन आज शाम से एग्जिट पोल में वहाँ की भी स्थिति पता चलेगी।
उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा पर भी लगा दांव
उत्तराखंड में चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए घमासान शुरू हो गया था। कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत ने दावा किया है कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बन रही है। उनका दवा है कि पार्टी और कार्यकर्ताओं को उन्हें मुख्यमंत्री के तौर पर देखने में कोई दिक्क़त नहीं है। शाम को एक्जिट पोल के बाद पता चलेगा कि कांग्रेस वहाँ किस स्थित में है और भाजपा की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने क्या पाया है। गोवा और मणिपुर में भी भाजपा की सरकार है। चुनाव हो चुके हैं। एग्जिट पोल के नतीजे बताएंगे कि वहाँ के वोटरों का रुझान किधर रहा।
शाम 6:30 बजे के बाद शुरू होंगे एग्जिट पोल
यूपी में आखिरी चरण का चुनाव शाम छह बजे समाप्त होना है। इसलिए आयोग ने शाम 6:30 बजे तक एग्जिट पोल पर रोक लगाई है। वोटिंग पूरी होने के आधे घंटे के बाद एग्जिट पोल शुरू हो जाएंगे।