The News Air- (नई दिल्ली) पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी, कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखदेव सिंह ढींडसा की पार्टी में गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो गया है। अब इनके बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा हो रही है। इससे पहले कैप्टन और ढींडसा की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाक़ात हुई।
अगले साल जनवरी महीने में पंजाब चुनाव की घोषणा हो सकती है। ऐसे में अब संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा, कैप्टन और ढींडसा तेज़ी से सीट शेयरिंग फाइनल करने में जुटे हैं।
इस फार्मूले पर लड़ेंगे चुनाव
कैप्टन, भाजपा और शिअद(संयुक्त) इस बार पारंपरिक गठबंधन नहीं बल्कि सीट शेयरिंग के फार्मूले से चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें हर सीट पर देखा जाएगा कि किसका उम्मीदवार जीतने की पोजिशन में है। उसे ही वहाँ से टिकट दे दी जाएगी। जिसका दूसरी पार्टियां पूरा समर्थन करेंगी। इसमें सीटों के नंबर नहीं बल्कि जीतने की क्षमता को तरजीह दी जा रही है।
शहरों में BJP और गांवों में कैप्टन-ढींढसा ग्रुप को टिकट
सूत्रों के मुताबिक़ पंजाब में BJP शहरों में किस्मत अजमाएगी। पंजाब की कुल 117 सीटों में से 40 शहरी सीटें हैं। जिनमें भाजपा अपना उम्मीदवार उतार सकती है। इसके अलावा 51 सेमी अर्बन सीटों में भी जहां शहरी वोट ज़्यादा है, वहाँ भाजपा का कैंडिडेट होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींडसा की शिअद (संयुक्त) के उम्मीदवार उतारे जाएंगे। इसकी बड़ी वजह ग्रामीण वोट बैंक में इन दोनों नेताओं की पैठ और किसान आंदोलन की वजह से भाजपा के विरोध से बचना होगा।