The News Air- बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान ख़ान को क्रिसमस के दिन साँप ने काट लिया था। सलमान अपने पनवेल फार्म हाउस में क्रिसमस सेलिब्रेट करने गए थे, जहां उन्हें साँप ने काटा। इसके बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिन्ता जताने लगे। हालांकि, अब ख़ुद सलमान का बयान आया है कि ज़हरीले साँप ने उन्हें तीन बार काटा था। इलाज के बाद उनकी तबीयत ठीक है।
सलमान घर पहुंच चुके हैं, इसी बीच उनकी एक फ़ोटो सामने आई है, जिसमें वे हॉस्पिटल के बेड पर रेस्ट करते नज़र आ रहे हैं। यह तस्वीर वायरल होने के बाद उनके फैंस की तरफ़ से दुआओं का दौर शुरू हो गया। आज सलमान ख़ान का 56वां जन्मदिन भी है, लिहाज़ा उनके फैंस उन्हें विश भी कर रहे हैं।
सलमान ने कहा- ज़हरीले साँप ने तीन बार काटा
सलमान ने इस हादसे के बारे में बताया, ‘मेरे फार्म हाउस में एक साँप आ गया था। मैं उसे लाठी की मदद से बाहर लेकर जा रहा था, लेकिन वो धीरे-धीरे मेरे हाथ पर आ गया। मैंने उसे पकड़कर हटाना चाहा, लेकिन इसी दौरान उसने मुझे तीन बार काट लिया। वह एक ज़हरीला साँप था। साँप काटने के बाद मैं क़रीब 6 घंटे हास्पिटल में रहा। हालांकि, अब मैं ठीक हूं।’
क्रिसमस सेलिब्रेट करने फार्म हाउस गए थे सलमान
25 दिसंबर को सलमान परिवार समेत क्रिसमस मनाने पनवेल स्थित अपने फार्म हाउस पर गए थे। वहाँ देर रात उन्हें साँप ने काट लिया था। इसके बाद रात 3 बजे उन्हें कमोठे MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद सलमान को डिस्चार्ज भी कर दिया गया। पनवेल इलाक़ा पहाड़ियों और जंगल से घिरा है, यहां साँप और अजगर अक्सर दिखाई देते हैं।
रविवार रात को मुंबई के गैलेक्सी में दिखे दबंग
रविवार रात को सलमान पनवेल स्थित फार्म हाउस में ही थे और फैंस का हुजूम बाहर था क्योंकि 27 दिसंबर को सलमान का बर्थ डे है और फैंस उन्हें विश करने पहुंच रहे हैं। सलमान भी अपने फैंस के लिए फार्म हाउस के बाहर आए और उनका अभिवादन भी स्वीकार किया।