The News Air – (चंडीगढ़) जालंधर में आयोजित तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल बुधवार सुबह अमृतसर लैंड हुए। मौसम के कारण उनकी फ्लाइट 15 मिनट देरी से लैंड हुई। श्री गुरु रामदास जी एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से तिरंगा यात्रा में शिरकत करने की अपील की।
अरविंद केजरीवाल के साथ अमृतसर नॉर्थ से उम्मीदवार व पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह भी साथ थे। केजरीवाल ने बाहर निकलते ही समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और फूल देकर सम्मानित किया। केजरीवाल ने कहा कि शहीदों की याद में वह जालंधर में तिरंगा यात्रा निकालने जा रहे हैं। पंजाब शहीदों की धरती है। इसने आतंकवाद का दौर भी देखा है। पूरे पंजाब में कोई नहीं चाहता कि ऐसा दौर दोबारा आए। बहुत क़ुर्बानियों के बाद पंजाब उस दौर से निकला है। इसलिए वह सभी से अपील करते हैं कि अधिक से अधिक लोग इस तिरंगा यात्रा से जुड़ें।
आप का शक्ति प्रदर्शन होगी यह यात्रा
शहीदों को समर्पित यह यात्रा आम आदमी पार्टी के लिए एक तरह का शक्ति प्रदर्शन है। केजरीवाल ख़ुद लोगों से इस यात्रा में जुड़ने का अनुरोध कर रहे हैं। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए आप के उम्मीदवार भी पूरा ज़ोर लगा रहे हैं। वहीं इस यात्रा के बाद आम आदमी पार्टी का पंजाब में आधार स्पष्ट हो जाएगा।
चीमा बोले- केजरीवाल के आते ही कांपने लगती हैं सिद्धू की टांगें
आप सुप्रीमो के अमृतसर लैंड होने से पहले हरपाल चीमा ने सिद्धू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के पंजाब में आते ही सिद्धू की टांगें कांपने लगती हैं। नवजोत सिंह सिद्धू की अपनी टांगों में जान नहीं है। उन्हें ड्रामे बंद कर देने चाहिएं। उनके प्रधान बनने के बाद न तो नशा तस्करों पर कोई कार्रवाई हुई है और न ही बेअदबी मामले में किसी को सज़ा मिली है। रेत माफ़िया तो रोज़ उनके साथ बैठकें करता है।