The News Air- (लखनऊ) उत्तर प्रदेश(Uttar Pradesh) में 2022 के विधानसभा चुनाव नज़दीक हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों में बाग़ी नेताओं का आना-जाना शुरू हो गया है। इसी के चलते वैचारिक रूप से कांग्रेस(Congress) से अलग हो चुकीं अदिति सिंह ने कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका देते हुए बुधवार को आधिकारिक तौर पर बीजेपी का दामन थाम लिया। बता दें कि रायबरेली (Raebareli) सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह (Congress MLA Aditi Singh) लगातार सुर्ख़ियों में रहती हैं। रायबरेली से विधायक अदिति सिंह के साथ-साथ बसपा विधायक वंदना सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गयी हैं।बता दें कि आजमगढ़ की सगड़ी सीट से वंदना विधायक हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की मौजूदगी में दोनो बाग़ी विधायकों ने भाजपा का दामन थामा है।
हमेशा विवादों में रही हैं अदिति सिंह, प्रियंका के बयानों पर कई बार दिखाए हैं तेवर
अपने कांग्रेस विरोधी बयानों के चलते हमेशा विवादों में रहने वाली अदिति सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले कई बार प्रियंका गांधी(Priyanka Gandhi)पर हमला बोला है। हाल ही में कृषि बिल(farmers bill) वापसी के ऐलान के बाद हुए बवाल पर अदिति सिंह ने कहा कि कृषि क़ानून विधेयक लाए जाने पर प्रियंका गांधी को समस्या हुई थी, फिर जब कृषि क़ानून निरस्त किया गया तब भी उन्हें समस्या हुई। वह सिर्फ़ मामले का राजनीतिकरण कर रही हैं, राजनीतिकरण के लिए अब उनके पास मुद्दे ख़त्म हो गए हैं। इतना ही नहीं, कुछ समय पहले प्रियंका गांधी के महिलाओं के 40 फ़ीसदी आरक्षण के घोषणा पर अदिति सिंह ने कहा कि 4 चुनावी राज्यों में पंजाब में आपकी सरकार है। इसे वहाँ क्यों नहीं एलान नहीं करती, ये लॉलीपॉप हैं, यहां वह सिर्फ़ लॉलीपॉप बांट रही हैं।
जानिए कौन हैं अदिति सिंह
साल 2019 अगस्त में अदिति के पिता अखिलेश सिंह का निधन हुआ था। अखिलेश रायबरेली सदर सीट से पांच बार कांग्रेस के विधायक रह चुके थे। रायबरेली में उनकी अच्छी-खासी पैठ थी और गांधी परिवार से नज़दीकियाँ भी। पिता के निधन के बाद अदिति सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी। इतना ही नहीं, उन्होंने खुलकर कांग्रेस के ख़िलाफ़ बोला। 21 नवंबर 2019 को अदिति सिंह ने पंजाब के कांग्रेस विधायक अंगद सिंह संग शादी कर ली थी।