The News Air: सतुलज-यमुना लिंक (SYL) नहर पर पंजाब और हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) की अलग-अलग सियासत हो रही है। पंजाब में AAP सरकार के मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि हम दूसरे राज्य को पानी की एक बूंद नहीं देंगे। चाहे इसके लिए हमें जान ही क्यों न क़ुर्बान करनी पड़े। इससे पहले हरियाणा में AAP के इंचार्ज सांसद सुशील गुप्ता ने कहा था कि पंजाब में हमारी सरकार बन गई है। अब 2024 में हरियाणा में सरकार बनी तो हर खेत में SYL नहर का पानी पहुंचेगा।
पंजाब के पानी पर पंजाब का हक़
पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब के पानी पर पंजाब का हक़ है। पंजाब के पानी की एक भी बूंद किसी दूसरे राज्य को नहीं जाने देंगे। जो भी क़ुर्बानी करनी पड़ी, हम करेंगे। अपनी जान क़ुर्बान कर देंगे लेकिन एक भी बूंद पानी नहीं जाने देंगे। चीमा ने कहा कि मैं हैरान हूं कि जिन लोगों की सरकार के वक़्त यह मुद्दा खड़ा हुआ?, आज उन्हीं पर सियासत की जा रही है।
विरोधियों ने खड़े किए थे सवाल
पंजाब AAP इंचार्ज सुशील गुप्ता के दावे के बाद विरोधी दल भड़क उठे थे। अकाली प्रधान सुखबीर बादल, नवजोत सिद्धू, कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग से लेकर सभी विरोधी दलों ने आप को घेर लिया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान से इस मामले में स्टैंड स्पष्ट करने को कहा था। जिसके बाद चीमा ने पंजाब सरकार का रूख ज़ाहिर किया है।