लुधियाना (The News Air) कुख्यात आतंकी अर्श डाला का भाई बलदीप सिंह जाली दस्तावेज और पासपोर्ट बनाकर कनाडा भाग गया है। बलदीप सिंह हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर बाहर आया था। मोगा पुलिस ने मंगलवार को बलदीप सिंह, उसके भाई अर्शदीप डाला, पिता चरणजीत सिंह और चार अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पिता चरणजीत व बाकी चार आरोपी इस समय पंजाब की विभिन्न जेलों में बंद हैं। मोगा पुलिस द्वारा दर्ज की गई शिकायत के अनुसार, जेल में बंद साथियों ने जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट प्राप्त करने में बलदीप की मदद की।
अर्श डाला का पिता चरणजीत सिंह।
हत्या के प्रयास में था जमानत पर
जानकारी के मुताबिक पिछले साल जून में बलदीप सिंह पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। आरोपी मामले में जमानत पर बाहर आया था। मोगा के डाला गांव के निवासी गैंगस्टर अर्शदीप और उसके पिता चरणजीत सिंह को हाल ही में लुधियाना के गांव बारदेके में परमजीत सिंह की हत्या मामले में नामजद किया गया है।
इस मामले में दो शूटरों ने परमजीत के घर में घुसकर उसे गोली मार दी थी। फेसबुक पोस्ट में खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के संचालक अर्श ने उसकी हत्या की जिम्मेदारी ली थी। खालिस्तान आंदोलन और आतंकी गतिविधियों से जुड़ाव को लेकर केंद्र द्वारा उसे आतंकवादी घोषित किया गया था।
इन्होंने की मदद
बलदीप सिंह का फर्जी पासपोर्ट बनाने में उसके भाई अर्श, पिता चरणजीत सिंह और चार अन्य साथियों, रौंटा गांव के हरदीप सिंह सुरज, डाला के कमलजीत शर्मा, फिरोजपुर के घाल खुर्द के राम सिंह और दीपक शर्मा ने मदद की।
डल्ला के पिता की संपत्ति होगी अटैच
पुलिस ने अर्श डाला के पिता चरणजीत सिंह की संपत्ति अटैच (कुर्क) करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। वर्तमान में चरणजीत फरीदकोट जेल में बंद हैं। पुलिस ने गांव डल्ला में चरणजीत सिंह की एक आवासीय संपत्ति का पता लगाया।