The News Air – (चंडीगढ़) पंजाब में DGP सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय को लेकर नया घमासान मच गया है। फिरोजपुर से कांग्रेस MLA परमिंदर पिंकी ने डीजीपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि रेप केस में भगौड़ा क़रार आरोपी डीजीपी के साथ घूम रहा है। अगर फिरोजपुर शहर में कोई वारदात हुई या उनके परिवार का नुक्सान हुआ तो उसके ज़िम्मेदार DGP चट्टोपाध्याय होंगे।
इस मामले में अभी तक डीजीपी की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है। यह बात इसलिए अहम है क्योंकि अकाली नेता बिक्रम मजीठिया पर केस दर्ज़ करने के बाद नवजोत सिद्धू ने डीजीपी की पीठ थपथपाई थी। सिद्धू ने कहा था कि अगर योग्य लोगों को अधिकार दो तो उसके अच्छे परिणाम आते हैं।
यह कहा कांग्रेस MLA ने
कांग्रेस MLA पिंकी ने कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है। यह बहुत सीरियस मैटर है। मैं मुख्यमंत्री से बात करूंगा। वह आरोपी DGP के साथ घूमता रहता है। फिरोजपुर आकर अफ़सरों पर प्रैशर डालता है। उस आरोपी पर रेप का केस दर्ज़ है। उसे लोअर कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ज़मानत कैंसिल हो चुकी है। उसे भगौड़ा क़रार दिया जा चुका है। अगर डीजीपी भगोड़े को लेकर घूमेंगे तो राज्य की सुरक्षा का क्या होगा?। उन्होंने कहा कि अगर शहर में कोई वारदात हुई या मेरे परिवार को कुछ हुआ तो फिर उसके ज़िम्मेदार डीजीपी होंगे।
शहर का कारोबारी है आरोपी
MLA पिंकी ने आरोपी का नाम तो नहीं बताया लेकिन पता चला कि वह शहर का ही रसूखदार कारोबारी है। जिस पर रेप के आरोप लगे तो MLA पिंकी ने ही महिला की पैरवी कर केस दर्ज़ करवाया था। उक्त व्यक्ति का पुलिस में अच्छी पैठ है। इसी वजह से विधायक आरोप लगा रहे कि नए डीजीपी के आने के बाद वह खुलेआम घूम रहा है लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।