The News Air- भाजपा ने रविवार की रात प्रत्याशियों की 8वीं सूची जारी कर दी। इसमें 45 उम्मीदवारों के नाम हैं। भाजपा ने 7 महिलाओं को भी टिकट दिया है। भाजपा ने बलिया नगर विधानसभा सीट से मंत्री स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह को टिकट दिया है। दयाशंकर सिंह और उनकी मंत्री पत्नी लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से टिकट का दावा ठोक रहे थे, लेकिन भाजपा ने हाल ही में ED (प्रवर्तन निदेशालय) के पूर्व जॉइंट डायरेक्टर राजेश्वर सिंह को मैदान में उतारा है।
ख़ास बात यह है कि नई सूची में बलिया के बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट कट गया है। वहीं, कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय को मोहम्दाबाद से टिकट मिला है। 2005 में कृष्णानंद हत्याकांड में बाहुबली मुख्तार अंसारी का नाम आया था। इस लिस्ट में सबसे अधिक 9 OBC उम्मीदवार हैं। इसके बाद 8 दलित, 6 ब्राह्मण और 5 ठाकुर हैं। भाजपा अब तक 340 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर चुकी है।
रानी गरिमा सिंह का भी टिकट कटा
अमेठी राजघराने की लड़ाई दिलचस्प हो गई है। पार्टी ने रानी गरिमा सिंह का टिकट काटकर उनके पति डॉक्टर संजय सिंह को अमेठी सीट से मैदान में उतारा है। डॉक्टर संजय सिंह मंत्री भी रह चुके हैं। बलिया नगर से विधायक और मंत्री रहे आनंद स्वरुप शुक्ला का टिकट बदल दिया है। अब वे विधायक सुरेंद्र सिंह की सीट बैरिया से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री अनिल राजभर को शिवपुर से टिकट दिया गया है।
इलाहाबाद उत्तरी से हर्ष बाजपेई को प्रत्याशी बनाया गया है। कोरांव का टिकट बदल दिया गया है। आरती कोल की जगह राजमणि कोल चुनाव लड़ेंगे। अंबेडकरनगर ज़िले में टांडा सीट से विधायक संजू देवी की जगह यहां के पूर्व ज़िलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा को मैदान में उतारा गया है। आलापुर से विधायक अनीता कमल की जगह अब उनके ससुर और पूर्व विधायक त्रिवेणी राम चुनाव लड़ेंगे।
ब्राह्मणों की बात उठाने वाले देवमणि का टिकट कटा
सुल्तानपुर की लंभुआ सीट से विधायक देवमणि द्विवेदी का टिकट कट गया है। सदर विधायक सीताराम वर्मा को लंभुआ से मौक़ा दिया गया है। देवमणि लगातार भाजपा सरकार में ब्राह्मणों को लेकर आवाज़ उठाते रहे हैं, ऐसे में देवमणि द्विवेदी का टिकट कट जाने के बाद ब्राह्मणों को लेकर एक बार फिर सवाल उठ सकता है। सुल्तानपुर सीट से विधायक रहे सूर्यभान सिंह को टिकट नहीं मिला है। इस सीट से पूर्व मंत्री विनोद सिंह को उतारा गया है।
मुसहर जाति के रामराज वनवासी ने सबको चौंकाया
भाजपा की 8वीं सूची में चौंकाने वाला नाम रामराज वनवासी का है। गाज़ीपुर ज़िले की जखनिया विधानसभा से रामराज वनवासी को प्रत्याशी बनाया है। वे भाजपा के जिला महामंत्री और अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चा में हैं। रामराज वनवासी समाज के उत्थान के लिए 1980 से लड़ रहे हैं। रामराज सिविल कोर्ट के पेशकार पद से सेवानिवृत्त हैं। रामराज के प्रयास से ज़िले में 9 हज़ार आवास वनवासी समाज के लिए बन चुके हैं। वनवासियों के लिए सोलर लाइट, हैंडपंप, शौचालय और चकरोड आदि का निर्माण भी कराया जा चुका है। इतना ही नहीं, क़रीब 1500 आवास बांसफोरों के लिए भी शासन से रामराज स्वीकृत करा चुके हैं।
UP में 7 चरणों में होने हैं चुनाव
UP में विधानसभा चुनाव सात चरणों में होने हैं। पहले चरण के लिए 10 फरवरी को वोटिंग होगी। दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पाँचवाँ चरण 27 फरवरी और छठवाँ चरण 3 मार्च और सातवाँ चरण 7 मार्च को है। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे।
यहां देखिए किसे और कहां से मिला टिकट