The News Air- दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में एक विदेशी महिला ने टैक्सी चालक पर चाकू से हमला कर दिया। हमला करने वाली महिला मिस्र की बताई गई है। उसने हिजाब-बुर्का पहना हुआ था। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। सरेआम महिला के हाथ में चाकू देख वहाँ मौजूद लोगों की भीड़ भी हैरान रह गई। पुलिस भी महिला की भाषा नहीं समझ पा रही है, जिसकी वजह से काफ़ी मुश्किल हो रही है।
मंगलवार को गुरुग्राम के राजीव चौक पर मंगलवार अचानक एक टैक्सी चालक पर हिजाब-बुर्का पहने एक महिला ने चाकू से अटैक कर दिया। महिला हाथ में चाकू लिए सड़क पर ही खड़ी रही। वारदात के बाद वहाँ मौजूद लोग हैरान रह गए। हालांकि अभी यह साफ़ नहीं हो पाया है कि महिला ने टैक्सी चालक को चाकू किस वजह से मारा।
सेक्टर-15 सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला जांच में सहयोग नहीं कर रही है। उसकी भाषा भी पुलिस को समझ नहीं आ रही है।
पुलिस पर भी हमला किया
बताया जा रहा है आरोपी महिला ने पुलिस पर भी हमला किया है। क़रीब 20 मिनट के ड्रामे के बाद पुलिस विदेशी महिला को अपने साथ थाने लेकर पहुँची। बताया जा रहा है आरोपी महिला ने महिला पुलिस पर पानी फेंका और हाथापाई की। पुलिस ने आरोपी महिला को क़ाबू कर कार में बैठाया और अपने साथ थाने ले गई।