The News Air- (चंडीगढ़) चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके पंजाब के 22 किसान संगठनों ने शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। गुरुवार को सम्मान समारोह के ज़रिए किसानों ने ताक़त दिखाई। इस मौक़े किसानों की भारी भीड़ जुटी। वहाँ, संयुक्त समाज मोर्चा की तरफ़ से CM चेहरा बनाए किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में जीत से आम आदमी पार्टी (AAP) फूली हुई है।
उन्होंने कहा कि असल में यह जीत किसान आंदोलन की वजह से हुई है। देश में लोग अब कांग्रेस-भाजपा जैसे पारंपरिक दलों से ऊब चुके हैं। राजेवाल की यह बात अहम इसलिए है क्योंकि किसानों और आप के बीच गठजोड़ की चर्चा चल रही है।
हर 4-5 दिन में हों बड़े कार्यक्रम, युवा टोली बनाकर गांवों में जाएं
किसान नेता बलबीर राजेवाल ने कहा कि हमने आंदोलन जीत लिया तो उसके बाद लोगों ने पंजाब की राजनीति में पड़ी गंदगी को साफ़ करने के लिए कहा। इसलिए अब संयुक्त समाज मोर्चा बना चुनाव मैदान में आए हैं। उन्होंने कहा कि अब पंजाब में जगह-जगह हमें हर 4-5 दिन में ऐसे बड़े कार्यक्रम करने होंगे। युवाओं को टोली बनाकर गांव-गांव जाना होगा ताकि चुनाव में कामयाब हो सकें।
कीरती किसान यूनियन ने किया किनारा
संयुक्त समाज मोर्चा को गुरुवार को झटका भी लगा। चंडीगढ़ में कीरती किसान यूनियन के नेता निर्भय सिंह ढुडि्डके और राजिंदर सिंह दीप सिंह वाला ने कहा कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे। न ही कोई उम्मीदवार खड़ा करेंगे और न ही किसानों के बनाए मोर्चे में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अभी किसानों की MSP समेत कई मांगे पूरी नहीं हुई हैं। आंदोलन बीच में है, इसलिए किसान नेताओं को चुनाव लड़ने का फ़ैसला वापस लेना चाहिए। इसकी जगह संयुक्त किसान मोर्चा को सही ढंग से चलाना चाहिए।