The News Air- (गाज़ियाबाद) कालीचरण महाराज के बाद अब जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहा नंद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर विवादित बयान दिया है। यति नरसिंहा नंद ने गांधी को गंदगी बताया। उन्होंने हरिद्वार से एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि हमने तय किया था कि गांधी के बारे में नहीं बोलेंगे, लेकिन आज मज़बूरी है।
गांधी नाम की गंदगी के कारण कालीचरण महाराज को जिन्होंने गिरफ़्तार किया है, उनका मां काली और महादेव समूल नाश करेंगे। नरसिंहा नंद गिरि ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने बहुत ही बेशर्मी भरा काम किया है।
बता दें कि यति नरसिंहा नंद गाज़ियाबाद के डासना देवी मंदिर के महंत हैं। 6 दिसंबर को उन्होंने शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी का धर्मांतरण कराया था। साथ ही रिजवी को नया नाम जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी दिया था।
कालीचरण महाराज ने जो कहा उससे मैं 100 फ़ीसदी सहमत
नरसिंहा नंद गिरि ने कहा कि गांधी के बारे में कालीचरण महाराज ने जो कहा हम उससे सौ फ़ीसदी सहमत हैं। सभी परिस्थितियों में हम कालीचरण महाराज के साथ हैं। हम आशा करते हैं कि जल्द उनकी ज़मानत होगी और वह बाहर आ जाएंगे, लेकिन अगर उनकी ज़मानत में देरी की गई, तो हम लोग वहाँ जाकर उनके लिए संघर्ष करेंगे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के आवास पर जाकर आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने कहा- मैं सभी संतों, भक्तों से कहना चाहता हूं कि कालीचरण महाराज का साथ दीजिए। हर उस व्यक्ति का साथ दीजिए, जो धर्म के लिए लड़ रहा है।
डासना देवी मंदिर के पीठाधीश्वर हैं नरसिंहा नंद गिरि
नरसिंहा नंद गिरि गाज़ियाबाद के रहने वाले हैं। वह डासना देवी मंदिर के पीठाधीश्वर हैं। हाल ही में उनको जूना अखाड़ा का महामंडलेश्वर बनाया गया है। 17 से 19 दिसंबर तक हरिद्वार में चली धर्म संसद में वह भी शामिल हुए थे।
सुप्रीम कोर्ट में देश के जाने-माने 76 वकीलों ने जिन 9 साधु-संतों के ख़िलाफ़ हेट स्पीच की चिट्ठी लिखी है, उनमें नरसिंहा नंद गिरि का भी नाम है। वह अक्सर विवादित बोल के लिए चर्चाओं में रहते हैं। इसके चलते उन पर कई बार मुक़दमे भी दर्ज़ हुए हैं। गाज़ियाबाद पुलिस ने हाल ही में उन पर गुंडा एक्ट लगाने की तैयारी की थी। हालांकि प्रशासन ने यह फाइल लौटा दी थी।
क्या कहा था कालीचरण महाराज ने
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुई धर्म संसद के समापन के दिन 25 दिसंबर को महाराष्ट्र से आए कालीचरण महाराज ने मंच से गांधीजी के बारे में ग़लत बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस्लाम का मक़सद राजनीति के ज़रिए राष्ट्र पर कब्ज़ा करना है। 1947 में हमने अपनी आंखों से देखा कि कैसे पाकिस्तान और बांग्लादेश पर कब्ज़ा किया गया। मोहनदास कर्म चंद गांधी ने उस वक़्त देश का सत्यानाश किया। नमस्कार है नाथूराम गोडसे को, जिन्होंने उन्हें मार दिया। इस बयान के चलते 30 दिसंबर को खजुराहो से गिरफ़्तार किया गया।