The News Air-पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को धूल चटाने के बाद ममता बनर्जी (दीदी) 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट गई हैं। बंगाल में खेला होबे का नारा देने के बाद दीदी का अगला टारगेट लोकसभा चुनाव के बाद ख़ुद को तीसरे विकल्प के रूप में खड़ा करने का है। दीदी ने इसके लिए देशभर में पार्टी संगठन को मज़बूत करने की क़वायद भी शुरू कर दी है। आइए जानते हैं ममता का पूरा गेम प्लान…
5 राज्यों के विधानसभा चुनाव से ज़मीनी पकड़ मज़बूत करने की तैयारी
यूपी, गोवा, उत्तराखंड, पंजाब और मणिपुर में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। ममता बनर्जी अगले साल होने वाले इन राज्यों के विधानसभा चुनाव के बहाने पार्टी की ज़मीनी तैयारी शुरू कर चुकी हैं। वे फ़िलहाल यहां पार्टी की उपस्थिति चाहती हैं। उन्होंने यहां पार्टी संगठन को विस्तार देने का काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में इन राज्यों से भाजपा और कांग्रेस समेत स्थानीय पार्टियों के कई दिग्गज नेता तृणमूल कांग्रेस में शामिल भी हो चुके हैं।
गोवा में ममता ने पूर्व मुख्यमंत्री लुइजिन्हो फलेरियो को साधा
गोवा में कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री लुइजिन्हो फलेरियो टीएमसी में शामिल हो चुके हैं। ममता ने उन्हें बंगाल से राज्यसभा भी भेज दिया है। लुइजिन्हो फलेरियो ईसाई समुदाय से आते हैं, जो गोवा में हिंदुओं के बाद सबसे बड़ी आबादी है। ममता यहां ईसाई समुदाय को साधने के साथ उन हिंदू वोटर्स को भी अपने पाले में करना चाहती हैं जो कांग्रेस और भाजपा के ख़िलाफ़ किसी तीसरे दल को विकल्प के तौर पर देखना चाहते हैं।
असम में सुष्मिता देव तो यूपी में ललितेश पति त्रिपाठी TMC में आएं
बंगाल जीतने के बाद ममता ने असम और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा नुक्सान पहुंचाया। ममता ने असम की सिलचर से कांग्रेस की सांसद रह चुकीं सुष्मिता देव को पार्टी में शामिल कराया। टीएमसी ने उन्हें बंगाल से ही राज्यसभा का सांसद बनाकर भेजा है। वहीं उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल में ब्राह्मण चेहरा बने ललितेश पति त्रिपाठी ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। ललितेश यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र हैं। वे 2012 में नक्सल प्रभावित मड़िहान सीट से विधायक भी रह चुके हैं। ललितेश का परिवार चार पीढ़ियों से कांग्रेस के साथ रहा।
त्रिपुरा में भाजपा को दिया ममता ने झटका
ममता बनर्जी त्रिपुरा में भाजपा को ज़ोरदार झटका दे चुकी हैं। दरअसल भाजपा विधायक आशीष दास यहां टीएमसी का दामन थाम चुके हैं। टीएमसी प्रदेश में भाजपा को पछाड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी की नज़र भाजपा के असंतुष्टों पर दिख रही है। विधायक आशीष दास को टीएमसी में शामिल कराना इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। यहां बांग्ला भाषी वोटर्स के अलावा मुस्लिम मतदाताओं की संख्या बड़ा उलटफेर करने का मादा रखती है। बंगाल में जिस तरह पार्टी ने महिलाओं और ख़ासकर मुस्लिम मतदाताओं को ख़ुद से जोड़े रखा, उसी तरह त्रिपुरा में भी टीएमसी इन्हें अपना कोर वोटर बनाने की तैयारी में है। ये अब तक वाम दलों के वोटर्स रहे हैं।
कीर्ति आज़ाद और अशोक तंवर के बहाने बिहार और हरियाणा पर नज़र
ममता बनर्जी 22 से 25 नवंबर तक दिल्ली दौरे पर हैं। वे यहां सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलने वाली हैं। इस मुलाक़ात से पहले ही उन्होंने कई बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। सबसे पहले जेडीयू के सांसद रह चुके पवन वर्मा ने पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आज़ाद पत्नी पूनम आज़ाद के साथ ममता के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंचे। यहां पहले से मौजूद ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके चंद घंटे बाद ही हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद रह चुके अशोक तंवर भी ममता से मिले और TMC में शामिल हो गए। तंवर कभी राहुल के करीबियों में गिने जाते थे। ममता कीर्ति आज़ाद और अशोक तंवर के सहारे बिहार और हरियाणा में पार्टी संगठन को मज़बूत करने का प्लान बना रही हैं।
जावेद अख्तर और सुधींद्र कुलकर्णी भी ममता से मिले
मशहूर लेखक जावेद अख्तर और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के क़रीबी रहे सुधींद्र कुलकर्णी ने भी मंगलवार को दिल्ली में ममता बनर्जी से मुलाक़ात की। ये मुलाक़ात क़रीब 1 घंटे तक चली। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इनके बीच क्या चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की।
कुलकर्णी कभी अटल बिहारी वाजपेयी के सलाहकार हुआ करते थे। वाजपेयी की तबीयत ख़राब होने के बाद वे लालकृष्ण आडवाणी के सलाहकार बन गए। कुलकर्णी ने ही 2009 लोकसभा चुनाव से पहले आडवाणी फॉर पीएम कैंपेन शुरू किया था राजनीतिक क्षेत्र में सुधींद्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कट्टर विरोधी के रूप में जाना जाता था।
नरेंद्र मोदी के विरोधी रहे हैं कुलकर्णी
कुलकर्णी 13 साल तक भाजपा में सक्रिय रहे। 2009 में लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया था। हालांकि उन्होंने उस दौरान कहा था कि वे पार्टी के शुभ चिंतक बने रहेंगे। 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद वे लगातार उन पर टिप्पणी करते रहे। बाद में वे राहुल गांधी के समर्थन में भी बयान देते रहे। 2019 में मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने के बाद कुलकर्णी पूरी तरह से हासिए पर चले गए। हालांकि इसके बाद आडवाणी से भी वे दूर ही रहे।
यशवंत सिन्हा और प्रणव मुखर्जी के बेटे ने जॉइन की TMC
बंगाल विधानसभा में भारी जीत के बाद भाजपा के दिग्गज नेता रहे और पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा टीएमसी में शामिल हो गए। सिन्हा अभी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के बेटे और कांग्रेस नेता अभिजीत मुखर्जी भी इसी साल जुलाई में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रणव मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद 2012 और 2014 के चुनाव में अभिजीत बंगाल की जंगीपुर लोकसभा सीट से दो बार सांसद रहे। हालांकि 2019 के चुनाव में वे तीसरे नंबर पर पहुंच गए।