The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस विवादों में घिर गई है। इसके प्रधान बनाए सुखिंदर सिंह के ख़िलाफ़ फ्रॉड का केस चल रहा है। जिसकी जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) कर रही है। चुनाव आयोग ने पार्टी को मंजूरी देने से पहले पब्लिक नोटिस जारी किया है। जिसमें सुखिंदर सिंह का नाम-पता लिखा हुआ है।
हालांकि अभी तक इस पार्टी को मंजूरी नहीं मिली है। पब्लिक नोटिस पर ऐतराज़ न आए तो आयोग इसे मंजूरी देकर सिंबल भी अलॉट करेगा। पंजाब में साढ़े 3 महीने बाद चुनाव हैं। कैप्टन अमरिंदर कांग्रेस छोड़ चुके हैं। वह इसी पार्टी यानी पंजाब लोक कांग्रेस से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
2019 में दर्ज़ हुआ था केस
कैप्टन की नई पार्टी के प्रधान सुखिंदर सिंह चंडीगढ़ के सेक्टर 5 के रहने वाले हैं। उनके ख़िलाफ़ साल 2019 में 33 करोड़ बैंक फ्रॉड का केस हुआ था। जिसमें सुखिंदर सिंह को इंटरनेशनल मेगा फूड पार्क प्रा. लि. का चेयरमैन बताया गया। इसमें उनकी पत्नी और बेटे को भी नामज़द किया गया था। तब उनके चंडीगढ़ स्थित घर पर रेड हुई थी।
इसी साल अक्टूबर में पड़ी थी CBI रेड
इसके बाद अक्टूबर महीने में CBI ने चंडीगढ़ की फर्म इंटरनेशनल फ्रेश फार्म प्रोडक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड को पानीपत की 2 अन्य कंपनियों के साथ क़रीब 16 करोड़ के मामले में नामज़द किया था। यह मामला स्माल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बैंक ऑफ़ इंडिया (SIDBI) और UCO बैंक से जुड़ा हुआ था। जिसके बाद CBI ने चंडीगढ़, पानीपत और गुड़गांव समेत 16 जगहों पर रेड की थी। 29 अक्टूबर को हुई इस रेड में फर्म के चंडीगढ़ सेक्टर 5 स्थित हाउस नंबर 5 पर भी रेड की गई थी। यह सुखिंदर सिंह का घर है, जिसके पते पर कंपनी को रजिस्टर्ड किया गया है।
सुखिंदर सिंह ने केस क़बूला, कैप्टन को जानकारी न होने का दावा
इस बारे में सुखिंदर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए पुष्टि की कि कैप्टन की नई पार्टी के प्रधान के तौर पर उनका नाम है। उन्होंने माना कि उनके यहां 29 अक्टूबर को रेड हुई थी। इसके अलावा उनके ख़िलाफ़ 2019 में CBI का केस भी चल रहा है। कैप्टन के क़रीबी के मुताबिक़ इनका नाम सिर्फ़ पार्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए दिया गया है। यह नाम भी 29 अक्टूबर को CBI की रेड से पहले दिए गए थे। उन्हें लगता है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को 2019 में सुखिंदर के ख़िलाफ़ CBI केस के बारे में जानकारी नहीं होगी।
कैप्टन का मोहिंदर बाग़ फार्म हाउस पार्टी का ऑफ़िस
सुखिंदर सिंह के पार्टी प्रधान के साथ गुरमेहर सिंह सेखों को जनरल सेक्रेटरी बनाया गया है। वह न्यू चंडीगढ़ के नज़दीक सिसवां के रहने वाले हैं। गुरमेहर स्व. करन सेखों के बेटे हैं, जो CM रहते कैप्टन अमरिंदर सिंह के OSD रहे हैं। पिता के निधन के बाद कैप्टन ने गुरमेहर को OSD रख लिया था। इसके अलावा मोहाली के सुखसिमरन सिंह को कैशियर बनाया गया है। कैप्टन की पार्टी का ऑफ़िस न्यू चंडीगढ़ में मोहिंदर बाग़ को बताया गया है।