फतेहगढ़ साहिब (The News Air) जिले के एक गांव की एक नाबालिग लड़की से जबरी दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने आरोपी गुरकर्णदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में 16 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि मेरे पिता के आरोपी के पिता के साथ घरेलू संबंध थे। लंबे समय से आना-जाना भी था। एक अगस्त को आरोपी उसे घर में अकेली देख आया और कहा कि वह उनके घर में भी कार्य कर दिया करे।
इस पर वह उनके घर काम के लिए चली गई। उसने घर का गेट बंद कर छेड़छाड़ की। विरोध और हाथापाई के बावजूद उसने दुष्कर्म किया। धमकी दी कि किसी को बताया तो उसे मार देगा। डर के चलते वह चुप रही और एक दिन पेट में दर्द होने पर माता को बताया। इसके बाद एक निजी स्कैन सेंटर में जांच करवाई तो पता चला कि वह गर्भवती हो चुकी है। इसके बाद एएसआई राजवीर कौर को शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।