The News Air- पंजाब में 2 बार मुख्यमंत्री रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस छोड़ने के बाद पटियाला सीट पर कड़ी चुनौती से जूझ रहे हैं। ऐसे में कैप्टन दान-धर्म के भी रास्ते पर चल पड़े हैं। उन्होंने चुनावी जीत के लिए टोटका किया है। उन्होंने न्यू मोती महल में पंडितों की पूजा-पाठ के बीच भैंस का पाड़ा (कटड़ा) दान किया है। इस टोटके की तस्वीरें और वीडियो ख़ूब वायरल हो रही है। पंडितों के मुताबिक़, कटड़ा दान करने से शनि देव शांत होते हैं। वहीं, काली माता भी प्रसन्न होती हैं।
इस बार दांव पर लगी है अमरिंदर की छवि और समझ
कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में दिग्गज नेता रहे हैं। पंजाब में कांग्रेस से ज़्यादा कैप्टन की ही चलती थी। हालांकि इ, बार चुनाव से साढ़े 3 महीने पहले कांग्रेस ने उन्हें हटा दिया है। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और पंजाब लोक कांग्रेस के नाम से पार्टी बना ली है। उनकी पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इसके बावज़ूद उन्हें कड़ी चुनौती मिल रही है। माना जा रहा है कि उनकी छवि और समझ, दोनों इस चुनाव में दांव पर है।
CM चन्नी भी हाथी पर बैठने का टोटका कर चुके
पंजाब में नेताओं के टोटके करना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले CM चरणजीत चन्नी भी हाथी की सवारी करने का टोटका कर चुके हैं। हालांकि तब वह मुख्यमंत्री नहीं बने थे। इसके बाद वह सच में अचानक मुख्यमंत्री बन गए तो उनका यह टोटका ख़ूब चर्चा में रहा था।
सिद्धू का तंत्र-मंत्र वाला वीडियो भी हुआ वायरल
इससे पहले नवजोत सिद्धू का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे तंत्र-मंत्र से जोड़कर विरोधियों ने ख़ूब मज़ाक़ उड़ाया। हालांकि सिद्धू खेमे ने सफ़ाई दी कि वह तो ध्यान कर रहे थे, जिन्हें इसके बारे में पता नहीं, वह फिज़ूल की बातें कर रहे हैं।