The News Air – (नई दिल्ली) पंजाब चुनाव में गठबंधन के लिए पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत से मुलाक़ात ख़त्म हो गई है। इसके बाद शेखावत ने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पहले ही संकेत दे चुका है कि हम मिलकर चुनाव लड़ने वाले हैं। अमरिंदर का लंबा सियासी अनुभव है। वह पंजाब की जनता का हित चाहते हैं।
वहीं, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि हम 101% चुनाव जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीतने की क्षमता के आधार पर सीटों का बँटवारा होगा। इसमें जिस भी पार्टी का जो कैंडिडेट जहां से जीतने की क्षमता में होगा, उसे बाकी दल सपोर्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि सीटों के हिसाब से गठबंधन में बातचीत होगी।
नड्डा और शाह से भी मुलाक़ात संभव
शेखावत के बाद अमरिंदर BJP के राष्ट्रीय प्रधान जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बार पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाकर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के CM पद से हटाने के बाद उनके सियासी वज़ूद के लिए पंजाब चुनाव बहुत अहम हैं। वहीं भाजपा भी इस बार अकाली दल से अलग होकर चुनाव लड़ रही है।
ज़्यादा सीटों पर लड़ेगी भाजपा
पंजाब में 117 सीटों पर चुनाव होने हैं, इनमें 83 जनरल और 34 सीटें SC के लिए रिज़र्व हैं। भाजपा इस बार ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि यह सीटें कितनी होंगी, इसको लेकर अमरिंदर और भाजपा लीडरशिप में चर्चा होनी बाकी है। फिर भी भाजपा क़रीब 70 सीटों पर चुनाव लड़ने के बारे में सोच रही है। कैप्टन और भाजपा के साथ शिरोमणि अकाली दल संयुक्त गठजोड़ भी करेगा।
कैप्टन की सियासी मज़बूती टटोल रही भाजपा
कैप्टन साढ़े 9 साल के लिए दो बार पंजाब के सीएम रह चुके हैं, लेकिन तब वह कांग्रेस में थे। ऐसे में उनकी पंजाब की सियासी ज़मीन पर कितनी पकड़ है, इसे भी भाजपा टटोल रही है। कैप्टन ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाकर उसका ऑफ़िस भी खोल लिया, लेकिन उनके साथ कोई दिग्गज कांग्रेसी नेता नज़र नहीं आया है। ऐसे में भाजपा कैप्टन से यह भी जानना चाहती है कि उनके साथ कांग्रेस के कौन-कौन से बड़े नेता आने वाले हैं।