The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस छोड़ने के बाद नई सियासी पारी के लिए एक्टिव हो गए हैं। सोमवार यानी आज उनकी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के ऑफ़िस का उद्घाटन होगा। दोपहर 12 बजे अमरिंदर ही इसका उद्घाटन करेंगे। चंडीगढ़ के सेक्टर 9D स्थित ऑफ़िस ही पार्टी का हेडक्वार्टर होगा। यहां 2022 में होने वाले पंजाब चुनाव के लिए सियासी रणनीति बनेगी।
इस दौरान सबसे अहम बात कैप्टन के साथ आने वाले नेताओं की होगी। उनकी सांसद पत्नी परनीत कौर और कांग्रेसी उनके साथ आते हैं या नहीं, इस पर सबकी नज़र रहेगी। हालांकि कैप्टन कह चुके हैं कि पंजाब चुनाव के लिए चुनाव आचार संहिता लगने के बाद कांग्रेसी उनकी पार्टी में आएंगे।
परनीत को जारी हो चुका नोटिस
कैप्टन की पटियाला से सांसद पत्नी परनीत कौर को कांग्रेस नोटिस जारी कर चुकी है। परनीत लगातार कैप्टन का समर्थन कर रही हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर भी ‘कैप्टन फॉर 2022’ की फ़ोटो लगा दी थी। वह कांग्रेस को ही मजबूर कर रही हैं कि उन्हें निकाल दें ताकि वह सांसद बनी रहें।
जल्द दिल्ली जाएंगे अमरिंदर
कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब चुनाव BJP और बाग़ी अकालियों के साथ मिलकर 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए अमरिंदर अगले 2-3 दिनों में दिल्ली जाएंगे। जहां उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय प्रधान जेपी नड्डा से मुलाक़ात होगी। इसके अलावा सुखदेव सिंह ढींडसा की अगुवाई वाली शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ भी सीट शेयरिंग होगी।