चंडीगढ़ (The News Air) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान आज चंडीगढ़ जिला अदालत में आरोपी के रूप में पेश हुए। यह दो मामलों में पेश हुए। वहीं जानकारी के मुताबिक इन केसों में आरोपी अन्य AAP नेता और वर्कर भी इन केसों में अब पेश होंगे। विपक्ष में रहते हुए भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी(AAP) के अन्य नेताओं ने पावर टैरिफ के मुद्दे पर पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री की कोठी का घेराव करने को लेकर प्रदर्शन किया था।
वहीं दूसरा प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खेरी में किसानों की मौत के विरोध में किया गया था।
वाटर कैनन का प्रयोग हुआ था
बता दें कि जनवरी 2020 में भगवंत मान समेत अन्यों को दंगा करने और पुलिस इंस्पेक्टर समेत 2 कांस्टेबल को चोट पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया था। पंजाब में पावर टैरिफ के मुद्दे पर AAP सरकार को घेरने निकली थी। सेक्टर 4 में MLA हॉस्टल के पास पार्टी वर्कस ने प्रदर्शन किया था। यह पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की कोठी का घेराव करने निकले थे।
इंस्पेक्टर भी हुआ था चोटिल
चंडीगढ़ पुलिस की महिला कॉन्स्टेबल मनप्रीत कौर की शिकायत पर यह केस दर्ज किया था। जानकारी के मुताबिक इंस्पेक्टर मलकीत सिंह समेत कॉन्स्टेबल विनित कुमार को चोटें आई थी। वह प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज भी किया था और वाटर कैनन का भी प्रयोग किया था। इसमें कुछ प्रदर्शनकारी भी घायल हुए थे।
इन धाराओं में हुआ था केस दर्ज
जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों की उल्लंघना कर यह धरना-प्रदर्शन किया गया था। सेक्टर 3 थाना पुलिस ने मामले में IPC की धारा 147(दंगा करना), 149(गैरकानूनी रुप से एसेंबली करना), 332(सरकारी कर्मचारी को उसकी ड्यूटी के दौरान चोटिल करना), 353(सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी में बाधा पहुंचाते हुए चोटिल करने), 188(सरकारी आदेशों की उल्लंघना करना) के तहत केस दर्ज किया था।
लखीमपुर खेरी कांड का भी विरोध किया
वहीं दूसरा प्रदर्शन AAP ने अक्तूबर, 2021 में किया था। पंजाब राजभवन के पास यह प्रदर्शन किया गया था। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खेरी में किसानों की मौत के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी प्रयोग किया था। जिला अदालत में एक केस स्टेट बनाम भगवंत मान और दूसरा केस स्टेट बनाम अमन अरोड़ा के नाम से चल रहा है।