चंडीगढ़ (The News Air) पंजाब में पटियाला ग्रामीण से विधायक डॉ बलबीर सिंह को नया स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले शनिवार सुबह मंत्री फौजा सिंह सरारी ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। सरारी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपना इस्तीफा सौंपा है। अपने इस्तीफे के लिए सरारी ने निजी कारण बताए हैं।
विभागों में भी फेरबदल
नए मंत्री की शपथ के साथ ही पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने विभागों में भी फेरबदल कर दिया है। नए मंत्री डॉ बलबीर सिंह को स्वास्थ्य विभाग सौंपा गया है। यह विभाग पहले चेतन सिंह जोड़ामाजरा के पास था, जो बाबा फरीद यूनिवर्सिटी में वॉइस चांसलर डॉ राज बहादुर को गंदे गद्दे पर लिटाकर चर्चा में आए थे। इसके अलावा हरजोत बैंस से जेल विभाग वापस ले लिया गया है। यह विभाग अब CM भगवंत मान ने अपने पास रखा है।
सरारी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप
हालांकि सरारी पर 3 महीने पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। उनकी PA से बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह कथित तौर पर पैसों की सेटिंग कर रहे हैं। जिसके बाद पार्टी स्तर पर उनसे जवाब मांगा गया था। सरारी के बहाने विपक्ष ने भी सरकार को घेर रखा था। फौजा सिंह ने इस्तीफे के साथ ही कहा कि वह पार्टी के वफादार सिपाही हैं और रहेंगे।
कैबिनेट विस्तार के साथ ही मिला था मंत्री पद
दरअसल, फौजा सिंह को पंजाब में कैबिनेट के विस्तार के साथ ही मंत्री पद सौंपा गया था। उनके पास खाद्य और बागवानी मंत्रालय था। लेकिन सितंबर महीने में उनका ऑडियो क्लिप वायरल हो गया। उस वक्त सीएम भगवंत मान जर्मनी दौरे पर थे। वापस आने के बाद सरारी को नोटिस भेजा गया था।
मंत्री सरारी व पीए के बीच थी बातचीत
सितंबर 2022 को 5 मिनट 3 सेकेंड का एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ। यह क्लिप, पैसे कैसे लेने हैं संबंधी 2 व्यक्तियों में बातें हो रही थी। विपक्ष ने आरोप लगाया कि यह ऑडियो कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी और उनके पीए के बीच में है। लेकिन मंत्री सरारी ने इसे नकार दिया।
मंत्री सरकारी ने कहा था कि विरोधियों ने उन्हें बदनाम करने के लिए एक षड्यंत्र के तहत यह ऑडियो तैयार करके सोशल मीडिया पर डाली गई जिसमें कोई सच्चाई नहीं। लेकिन विपक्ष ने तभी से उनके इस्तीफे की मांग कर दी थी।
AAP सरकार में कुर्सी गंवाने वाले दूसरे मंत्री
फौजा सिंह सरारी पंजाब की AAP सरकार में मंत्री पद गंवाने वाले दूसरे मंत्री हैं। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला को बर्खास्त किया गया था। सिंगला पर विभाग के टेंडर में कमीशन लेने के आरोप लगे थे। सिंगला को जेल में भी रहना पड़ा। हालांकि सिंगला को आम आदमी पार्टी से बर्खास्त नहीं किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को सीएम भगवंत मान ने बर्खास्त किया था।
रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर सरारी
फौजा सिंह सरारी पंजाब पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर हैं। उन्होंने पहली बार ही चुनाव लड़ा और बॉर्डर एरिया फिरोजपुर के गुरुहरसहाय से विधायक बने। सरारी राय सिख बिरादरी से संबंधित हैं, इसी वजह से उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
आज ही मिलेगा पंजाब को नया मंत्री
अब पंजाब के कैबिनेट में बड़े फेरबदल की संभावना है। कई मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं और नए चेहरों को मौका मिल सकता है। शनिवार शाम 5 बजे से पहले राज्यपाल निवास में एक सादे प्रोग्राम में नए मंत्री को शपथ दिलाई जा सकती है। सूत्रों के हवाले से माइनिंग और जेल विभाग मीत हेयर को दिया जा सकता है। हरजोत बैंस को बदला जा सकता है। अनमोल गगन मान के विभाग बदलने की भी चर्चा है।