चंडीगढ़, 27 जुलाई (The News Air)
पंजाब कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष बनने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह साथ पहली बैठक हो रही है। इस बैठक में चारों कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा, संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी और पवन गोयल भी मौजूद हैं।
बता दें कि यह बैठक सीएम ऑफ़िस में की जा रही है। इस संबंधी जानकारी मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने दी है। उन्होंने जानकारी देते हुए बैठक की तस्वीरें ट्विटर पर शेयर की।
इससे पहले नवजोत सिद्धू ने 4 कार्यकारी प्रधानों के साथ पंजाब कांग्रेस भवन में बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने पंजाब कांग्रेस भवन की प्रशासनिक व्यवस्था पर मंथन किया।
नवजोत सिद्धू ने कहा कि अच्छे माहौल के बीच पार्टी को आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि उन्होंने बैठक के बाद मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। कार्यकारी अध्यक्ष पवन गोयल ने बताया कि इस दौरान पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। ढांचे में बदलाव को लेकर किसी तरह की चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि 15 दिन बाद अगली बैठक होगी।