The News Air: देश में कोरोना मामलों में एक बार फिर तेज़ी देखने को मिल रही है। लगातार चौथे दिन कोरोना के 2,000 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। बीते दिन देश में कुल 2,527 नए कोरोना केस मिले, जबकि 33 लोगों की मौत हुई है। पिछली बार कोविड केस कम होने के दौरान 17 मार्च को 2,528 केस मिले थे।
देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीज़ों की संख्या 15,079 है। पिछली बार 15 हज़ार से अधिक एक्टिव (15,378) केस 28 मार्च को दर्ज़ किए गए थे। केसेस में लगातार हो रही बढ़ोतरी से बहुत जल्द चौथी लहर की आशंका जताई जा रही है।
इस बीच, तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव जे राधाकृष्णन ने शनिवार को बताया कि IIT मद्रास में अब तक कुल 55 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। तमिलनाडु में शुक्रवार को 57 लोग पॉजिटिव पाए गए, जबकि गुरुवार को यह संख्या 39 थी। जे राधाकृष्णन ने गुरुवार को IIT मद्रास कैंपस का दौरा भी किया था।
दिल्ली में ढाई महीने बाद इतने केस मिले
राजधानी दिल्ली के साथ ही देश के प्रमुख राज्यों में कोरोना केसेज में बढ़ोत्तरी हुई है। दिल्ली में शुक्रवार को 1,042 केस दर्ज़ किए गए। इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 4.64% रही। आखिरी बार 10 फरवरी को इतनी संख्या में कोरोना केस मिले थे।
दिल्ली में शुक्रवार को एक आदेश जारी कर सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। ऐसा नहीं करने पर 500 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा।
राजधानी से सटा हरियाणा दूसरे नंबर पर
दिल्ली में बढ़ते मामलों का असर इससे सटे हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। देश में दूसरे सबसे ज़्यादा कोरोना केस हरियाणा में ही मिले हैं। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 385 केस मिले हैं। वहीं पॉजिटिविटी रेट 3.48% पहुंच गई है। हरियाणा में बीते दिन कुल 10,880 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए।
केरल में मास्क अनिवार्य करने पर फ़ैसला बाक़ी
केरल में शुक्रवार को 315 नए केस मिले। राहत की बात यह है कि यहां कोई मौत नहीं हुई। पिछले दिनों हुई 31 मौतों को नए आंकड़ों में शामिल किया गया। यहां कोरोना मामले घटने के बाद सभी तरीक़े के प्रतिबंध हटाए जा चुके हैं। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल फॉलो करने के लिए कहा गया है।
राज्य सरकार मास्क अनिवार्य करने को लेकर कोई फ़ैसला नहीं ले पा रही है। यहां मास्क न पहने पर चालान भी हटा दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में आधे से अधिक केस
UP में बीते दिन 187 केस दर्ज़ किए गए। यहां अकेले नोएडा में 107 नए केस मिले। राज्य में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीज़ों की संख्या 1,044 है। CM योगी ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बचाव और इलाज की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना के संबंध में हर स्तर पर सावधानी एवं सतर्कता बरती जाए।
महाराष्ट्र के मुंबई में सबसे अधिक नए केस
महाराष्ट्र में शुक्रवार को 121 केस दर्ज़ किए गए, जबकि कोई मौत नहीं हुई है। यहां एक दिन में 26,313 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए हैं। सबसे अधिक मुंबई में 68 नए केस मिले हैं। यहां एक्टिव मरीज़ अब 474 हैं। पिछले दिनों ही यहां के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कोरोना मामलों की समीक्षा की थी।