The News Air- पंजाब में आज नए चुने 117 विधायकों को शपथ दिलाई जा रही है। इस बार की पंजाब विधानसभा कई मायनों में ख़ास है। प्रकाश सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे दिग्गजों की हार के बाद इस बार यह यंग विधानसभा होगी। जिसमें आधे से ज़्यादा की उम्र 50 साल से कम है। पंजाब इलेक्शन वॉच और ADR ने विधायकों चुने गए कैंडिडेट्स के ऐफिडेविट से यह आंकड़े निकाले हैं।
पिछली बार मुक़ाबले इस बार दाग़ी विधायक बढ़े हैं। 2022 में क्रिमिनल केस वाले 58 विधायक जीते हैं। 2017 में सिर्फ़ 16 ऐसे विधायक थे। इस बार करोड़पति विधायक कम हुए हैं।
2022 में 87 करोड़पति विधायक हैं जबकि 2017 में उनकी संख्या 95 थी।
इस बार विधायकों की औसत संपत्ति में भी कमी आई है। 2022 में सभी 117 विधायकों की औसत संपत्ति 10.45 करोड़ है। 2017 में औसत संपत्ति 11.78 करोड़ थी।
इस बार 13 महिलाएं विधायक चुनी गई हैं। 2017 में सिर्फ़ 5 ही महिला विधायक थी।
सबसे ज़्यादा दाग़ी AAP में
पंजाब के नए चुने 58 विधायकों पर केस दर्ज़ हैं। इनमें 27 विधायक ऐसे हैं, जिन पर सीरियस क्रिमिनल केस हैं। इनमें एक विधायक पर हत्या, 2 पर हत्या की कोशिश, 3 पर महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध का केस दर्ज़ है। सबसे ज़्यादा दाग़ी 92 सीटें जीतने वाली AAP में हैं। उनके 52 विधायकों पर केस दर्ज़ हैं। कांग्रेस के 18 में से 3, अकाली दल के 3 में से 2 और भाजपा के 2 में से एक विधायक पर केस दर्ज़ है।
कांग्रेस के 18 में से 17 MLA करोड़पति
पंजाब के नए चुने विधायकों में से 87 करोड़पति हैं। इनमें सबसे ज़्यादा 63 AAP, कांग्रेस के 17, अकाली दल के 2, भाजपा और BSP का 1-1 विधायक है।
117 विधायकों में से 5 करोड़ से ज़्यादा संपत्ति वाले 39, 2 से 5 करोड़ वाले 27, 50 लाख से 2 करोड़ वाले 32, 10 लाख से 50 लाख वाले 14 और 10 लाख से कम संपत्ति वाले 5 विधायक शामिल हैं।
पार्टी के लिहाज़ से आप के 92 विधायकों की औसत संपत्ति 7.52 करोड़, कांग्रेस के 18 विधायकों की औसत संपत्ति 22.73 करोड़, शिअद के 3 विधायकों की 15.03 करोड़ और BJP के 2 विधायकों की औसत संपत्ति 2.49 करोड़ है।
सबसे कर्जाई विधायक
राणा गुरजीत सिंह, कांग्रेस : 71 करोड़
अमन अरोड़ा, AAP : 22 करोड़
राणा इंद्र प्रताप सिंह, निर्दलीय : 17 करोड़
विधायकों से जुड़े कुछ और अहम तथ्य
शिक्षा : 117 में से 1 विधायक 5वीं पास, 3 आठवीं पास, 17 दसवीं पास, 24 बारहवीं पास, 21 ग्रेजुएट, 23 ग्रेजुएट प्रोफेशनल, 21 पोस्ट ग्रेजुएट, 2 डाक्टरेट और 5 डिप्लोमा होल्डर हैं।
उम्र: 3 विधायकों की उम्र 25 से 30 साल, 21 की उम्र 31 से 40 साल, 37 की उम्र 41 से 50 साल, 33 की उम्र 51 से 60 साल, 21 की उम्र 61 से 70 और 2 की उम्र 71 से 80 साल के बीच है।