The News Air- रूस-यूक्रेन की ज़ंग में फंसे पंजाबियों की मदद के लिए पंजाब सरकार ने चौबीस घंटे सातों दिन चलने वाला कंट्रोल रूम बना दिया है। इसमें यूक्रेन में फंसे व्यक्ति अपने बारे में जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा रिश्तेदार भी सरकार को सूचना दे सकते हैं। पंजाब से कॉल करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 और विदेशों से कॉल करने के लिए 0172-4111905 नंबर जारी किया गया है।
पंजाब सरकार ने भरोसा दिया है कि यूक्रेन में फंसे पंजाबियों या उनके रिश्तेदारों से मिली जानकारी तत्काल भारत सरकार को भेजी जाएगी। जिसके ज़रिए यूक्रेन से उनका रेस्क्यू किया जा सके। ADGP एमएफ फारूखी को कंट्रोल रूम का नोडल अफ़सर लगाया गया है।
CM ने विदेश मंत्री को भेजा पत्र
पंजाब के CM चरणजीत चन्नी ने यूक्रेन में फंसे पंजाबियों को निकालने के लिए केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र भी लिखा है। सीएम ने कहा कि यूक्रेन में बहुत से स्टूडेंट्स और पंजाबी फंसे हुए हैं। यूक्रेन में पैदा हुई स्थिति के चलते उनके अभिभावक काफ़ी चिंतित हैं। इसके अलावा वहाँ स्टूडेंट्स को सुरक्षित जगह और पैसों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र जल्द कोशिश कर उन्हें सुरक्षित निकाले।
AAP सांसद भी जारी कर चुके व्हाट्सएप नंबर
आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने भी व्हाट्सएप नंबर 98778-47778 नंबर जारी किया है। आम आदमी पार्टी के सांसद मान ने कहा कि यूक्रेन में फंसे पंजाबी या उनके परिवार इस नंबर पर संपर्क करें। उनकी तरफ़ से पंजाबियों को वापस लाने के लिए पूरी मदद की जाएगी।