The News Air- चंडीगढ़ में UT कैडर के अफ़सरों की तैनाती को लेकर माहौल गर्माने लगा है। कांग्रेस नेता सुखपाल खैहरा ने इस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में UT कैडर के अफ़सरों को लगाकर पंजाब का हक़ छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) से पंजाब का कंट्रोल ख़त्म किया जा रहा है। इससे एक बार फिर भाजपा की पंजाब के प्रति नफ़रत और भेदभाव की नीति उजागर हुई है। उन्होंने इसे संघीय ढांचे पर हमला क़रार दिया। खैहरा ने सबको एकजुट होकर इसका विरोध करने की अपील की।
यह है विवाद : PCS और HCS की जगह लगाए DANICS अफ़सर
चंडीगढ़ में केंद्र सरकार ने दिल्ली, अंडमान एंड निकोबार सिविल सर्विस (DANICS) कैडर के अफ़सर लगा दिए गए। इससे पहले यहां पंजाब सिविल सर्विस (PCS) और हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) के अफ़सर लगते रहे हैं। इन्हें ही महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी दी ज़ाती रही है। DANICS कैडर से प्रमोट होकर IAS बने अफ़सरों को जरुर चंडीगढ़ में तैनात किया जाता रहा है। कुछ दिन पहले दिल्ली से ऐसे तीन अफ़सरों डी. कार्तिकेयन, अखिल कुमार और अमित कुमार को चंडीगढ़ ट्रांसफर किया गया है।
पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ ने भी जताया विरोध
इससे पहले पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ ने भी UT कैडर के अफ़सर लगाने का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि BBMB के रूल्स का उल्लंघन कर पंजाब के हक़ छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई इस तरह की कारगुज़ारी से चंडीगढ़ पर पंजाब के हक़ को कमज़ोर किया जा रहा है। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुखदेव ढींढसा, भगवंत मान, सुखबीर बादल, नवजोत सिद्धू और चरणजीत चन्नी से कहा कि अब चुनाव ख़त्म हो चुके हैं। इसलिए राजनीति से ऊपर उठाकर पंजाब के अधिकारों के लिए सबको एकजुट होना चाहिए।