The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) में आम आदमी पार्टी (AAP) का सीएम फेस कौन होगा, ये अब पता चल जाएगा। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ( Arvind Kejriwal) ने सोमवार को कहा कि, हम पंजाब के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने जा रहे हैं। कल 12 बजे तक हम इसकी घोषणा कर देंगे।
जनता से मांगे थे सुझाव
बता दें कि केजरीवाल ने एक फ़ोन नंबर जारी किया था और पंजाब के लोगों से जवाब मांगा था कि वे बताएं कि वे आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में किसे देखना चाहते हैं। उसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था कि पार्टी भगवंत मान (Bhagwant Mann) को ज़िम्मेदारी देने की इच्छुक हैं, लेकिन उन्होंने ख़ुद लोगों की पसंद मांगने का सुझाव दिया। पंजाब के लोगों को सोमवार शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 7074870748 पर SMS, व्हाट्सएप या वॉयस मैसेज के ज़रिए अपनी पसंद देने को कहा गया है।
अब तक 15 लाख से ज़्यादा प्रतिक्रिया
रविवार को आप विधायक हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पार्टी को उसके ‘जनता चुनेगी अपना सीएम’ अभियान पर लगभग 15 लाख प्रतिक्रियाएं मिलीं हैं। केजरीवाल ने पिछले हफ़्ते जब अभियान शुरू किया था, तब उन्होंने ख़ुद को इस दौड़ से बाहर कर दिया था और कहा था कि शीर्ष पद के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा लोगों की प्रतिक्रिया मिलने के बाद की जाएगी। चीमा ने कहा कि राज्य के लोगों द्वारा दिखाया गया उत्साह इस बात का प्रमाण है कि इस बार आप निश्चित रूप से पंजाब में सरकार बनाएगी और वह भी स्पष्ट बहुमत के साथ। चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग आगामी चुनावों में पारंपरिक राजनीतिक दलों का सफ़ाया करेंगे और आप को जनादेश देंगे।
आप को इस चुनाव से उम्मीद
पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे। 2017 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 10 साल बाद शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बाहर कर दिया था। आम आदमी पार्टी 20 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, उसके बाद शिअद जिसने 15 सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी को तीन सीटें मिली थीं। पिछले बार से परिणाम से आप काफ़ी उत्साहित है और उसे उम्मीद है कि इस बार के चुनाव में जनता उसे सिरमौर बनाएगी।