The News Air- (नई दिल्लीः कांग्रेस के स्थापना दिवस पर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ अजीब वाक़या हुआ। सोनिया मंगलवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर पार्टी का झंडा फहराने पहुँची थीं, लेकिन डोरी खींचते ही झंडा उनके ऊपर आ गिरा।
137वां स्थापना दिवस मनाने पहुँची थीं सोनिया
सोनिया कांग्रेस के 137वें स्थापना दिवस के मौक़े पर पार्टी कार्यालय पहुँची थीं। सोनिया ने जब पार्टी के झंडे की डोर खींची तो वहाँ एक कार्यकर्ता भी मौजूद था। उसने झंडारोहण में सोनिया की मदद करने की कोशिश की, लेकिन झंडा उनके ऊपर ही गिर पड़ा। इस घटना से वहाँ मौजूद सभी कांग्रेसी चौंक गए। इसके बाद एक महिला कार्यकर्ता दौड़ती हुई आई और उसने भी फ्लैग होस्टिंग में मदद की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
आख़िरकार सोनिया गांधी ने हाथ से ही पार्टी का झंडा फहराया। इस पूरे वाक़ये के दौरान सोनिया कहीं भी विचलित नहीं नज़र आईं, उनका रिएक्शन बेहद शांत रहा।
सोनिया ने कहा- अब चुप नहीं रह सकती कांग्रेस
स्थापना दिवस के दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि हमारी विरासत गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है। देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती।
राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के स्थापना दिवस के मौक़े पर शुभकामनाएं दी। राहुल गांधी ने इस मौक़े पर ट्वीट कर कहा, ‘हम कांग्रेस हैं- वो पार्टी जिसने हमारे देश में लोकतंत्र की स्थापना की और हमें इस धरोहर पर गर्व है।’