The News Air- (नई दिल्ली) आने वाले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में हल्की या भारी बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने मौसम में बदलाव को देखते हुए कई राज्यों में हल्की और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ों पर बर्फ़बारी से निचले राज्यों में ठंड का बढ़ेगी। इधर, चक्रवात जोवाड़ (Cyclone Jowad) के कारण भी कुछ राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। इस बीच ख़राब मौसम और तेज़ हवाओं चलते गुजरात के गिर सोमनाथ में 14-15 नाव समुद्र में डूब गईं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 8-10 मछुआरे लापता हैं। यहां 1 दिसंबर की रात से ही बारिश हो रही है और तेज़ हवाएं चल रही हैं। चक्रवाती तूफ़ान के मद्देनज़र रेलवे ने 3 और 4 दिसंबर के लिए 95 ट्रेनें रद्द की हैं। (यह तस्वीर तमिलनाडु की है, जहां पिछले दिनों भारी बारिश ने तबाही मचाई थी)
उत्तर भारत में बर्फ़बारी से बढ़ेगी ठंड
IMD ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आजकल में छिटपुट वर्षा होने की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में ग़रज़ के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आजकल में भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फ़बारी हो सकती है। IMD ने कहा कि कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख़, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में 3 दिसंबर तक हल्की बारिश और बर्फ़बारी संभावित है। इससे ठंड बढ़ेगी। देश के कई राज्यों में कोहरा पड़ने लगा है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान सहित मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं कोहरा देखा गया।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
3 दिसंबर और 4 दिसंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में, 3 दिसंबर से 5 दिसंबर तक तटीय ओडीशा, 4 दिसंबर से 5 दिसंबर के बीच गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 4 दिसंबर को तटीय ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी है।
चक्रवात जोवाड़ (Cyclone Jowad) दिखाएगा असर
IMD के अनुसार उत्तर आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के आसपास के इलाक़ों में डीप डिप्रेशन के कारण चक्रवात जोवाड़ (Cyclone Jowad) बन रहा है। यह 3 दिसंबर को मज़बूत होकर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। इसके बाद 4 दिसंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों से टकराएगा। साथ ही पश्चिमोत्तर और मध्य भारत के आस पास के इलाक़ों में पश्चिमी विक्षोभ(western disturbance) भी है। इन दोनों वजहों से भी देश का मौसम बदलेगा। साइक्लोन के असर से उत्तरी-पूर्वी राज्यों में पांच से छह दिसंबर को भारी बारिश की संभावना है। गुजरात में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।