The News Air- (नई दिल्ली) वरिष्ठा पत्रकार विनोद दुआ (Vinod Dua) (67) ‘गंभीर’ हालत में हैं और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी मल्लिका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफ़वाह उड़ी है, जिसका खंडन उनकी बेटी ने किया है। विनोद दुआ दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों में काम कर चुके हैं और हिंदी पत्रकारिता के जाने माने चेहरे हैं।
बेटी ने दी जानकारी
उनकी बेटी मल्लिका ने बताया कि मेरे पिता जी आईसीयू में हैं और उनकी हालत काफ़ी नाज़ुक है। उनका स्वास्थ्य अप्रैल से तेज़ी से ख़राब हो रहा था। वह अपने जीवन की किरण खो जाने के सदमे से अभी तक उबर नहीं पाए हैं। उन्होंने असाधारण जीवन जिया है और हमें भी ऐसा ही जीवन दिया है। वह किसी तकलीफ़ के हक़दार नहीं हैं। वह बहुत प्रिय और श्रद्धेय हैं। मैं आप सबसे यह प्रार्थना करने का अनुरोध करती हूं कि उन्हें कम से कम तकलीफ़ हो।
67 वर्षीय दुआ की पत्नी व रेडियोलॉजिस्ट पद्मावती ‘चिन्ना’ दुआ का जून में कोविड के साथ लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया था। विनोद दुआ और उनकी पत्नी गुड़गांव के एक अस्पताल में थे, जब कोविड की दूसरी लहर अपने चरम पर थी। विनोद दुआ का स्वास्थ्य तब से ख़राब है। विनोद दुआ की एक और बड़ी बेटी बकुल दुआ हैं, जो मनोवैज्ञानिक हैं।
विनोद दुआ को सुप्रीम कोर्ट से मिली थी राहत
जून के महीने में वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के ख़िलाफ़ दर्ज़ किए गए राजद्रोह का मुक़दमे को सुप्रीम कोर्ट ने निरस्त कर दिया था। विनोद दुआ के यूट्यूब चैनल में की गई टिप्पणियों पर हिमाचल प्रदेश में राजद्रोह सहित कई धाराओं मे मुक़दमा दर्ज़ कराया गया था।
विनोद दुआ के ख़िलाफ़ शिमला ज़िला के कुमार सैन पुलिस थाने में छह मई को देशद्रोह का मामला दर्ज़ हुआ था। अजय श्याम ने शिकायत में आरोप लगाया था कि दुआ ने यू-ट्यूब चैनल में मोदी और केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ झूठ फैलाया। इसमें प्रधानमंत्री पर कई तरह के आरोप लगाए गए। सरकार के कोविड 19 से निपटने के दावों को झुठलाया गया। उन्होंने दावा जताया था कि इससे सरकार के ख़िलाफ़ अशांति, अराजकता फैल सकती है।