Parliament Session Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं। इस दौरान वे विपक्ष की ओर से लगाए गए कई आरोपों का जवाब भी दे सकते हैं। इससे पहले बीते दिन उन्होंने लोकसभा में विपक्षी दल कांग्रेस को जमकर घेरा था। आइए जानते हैं संसद की कार्यवाही से जुड़े पल-पल के अपडेट…
12:41 PM, 03-Jul-2024
पीएम मोदी ने दोबार संबोधन शुरू करते हुए कहा, ‘यह लोग सच्चाई नहीं पचा पा रहे हैं। इसलिए मैदान छोड़कर भाग गए हैं। मैं तो कर्तव्य से जुड़ा हुआ हूं। मैं देशवासियों से जुड़ा हूं। देशवासियों को पल पल का हिसाब देना मेरा कर्तव्य हैं।’
12:41 PM, 03-Jul-2024
राज्यसभा स्पीकर ने आगे फटकार लगाते हुए कहा, ‘मैं आशा करता हूं कि यह लोग अपने मन को टटोलेंगे और कर्तव्य पर वापस आएंगे।’
12:39 PM, 03-Jul-2024
जगदीप धनखड़ ने कहा कि विपक्ष ने हमें पीठ नहीं दिखाई है। उन्होंने भारत के संविधान का अपमान किया है। वे सदन नहीं मर्यादा छोड़कर गए हैं। देश के 140 करोड़ लोग आहत होंगे। जब आपने अपनी पूरी बात कही तो अब सत्ता पक्ष की बात भी सुनिए।
12:38 PM, 03-Jul-2024
विपक्ष नारेबाजी और हंगामे के बाद सदन से बाहर जाने लगे हैं। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि इनके नसीब में मैदान छोड़ना ही है।
12:34 PM, 03-Jul-2024
पीएम मोदी ने कहा, ’10 सालों में किसानों को खेती में फायदा मिला है। एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीदारी हुई। जिसको सबसे जरुरत थी, उनतक लाभ पहुंच भी नहीं पाया। जब किसान कल्याण केंद्र के दिल में हो तो लाभ कैसे होता है, इसका मैं सदन को उदाहरण देना चाहता हूं। मैंने किसान सम्मान योजना चलाई। हम तीन लाख करोड़ रुपये किसानों को दे चुके हैं। देश देख रहा है कि झूठ फैलाने वालों की सच बोलने की ताकत भी नहीं होती। उनका सत्य से मुकाबला करना यह इनके हाथ में नहीं है। इतनी चर्चा के बाद भी जवाब सुनने की हिम्मत नहीं है।’
12:28 PM, 03-Jul-2024
नारेबाजी के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘विकास का नया इतिहास बनेगा।’
12:28 PM, 03-Jul-2024
पीएम मोदी के संबोधन के दौरान विपक्ष का हंगामा जारी है।
12:23 PM, 03-Jul-2024
पीएम मोदी ने कहा, ‘आने वाले पांच वर्ष गरीबों की गरीबी के खिलाफ निर्णायक वर्ष हैं। ये देश गरीबी की लड़ाई के खिलाफ जीतेगा। देश जब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा, तो जीवन के हर क्षेत्र पर इसका असर पड़ने वाला है। विकास के अनेक अवसर प्रकट होने वाले हैं।’
12:19 PM, 03-Jul-2024
पीएम के संबोधन के दौरान राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ। प्रधानमंत्री ने आगे बोलते हुए कहा, ‘हमारे देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की। हम देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की टॉप तीन में पहुंचा देंगे। मैं जानता हूं कि यहां कई बुद्धिमान लोग हैं, जो मानते हैं कि ऐसा तो आगे ही होगा। इन लोगों को कुछ करने धरने में विश्वास नहीं है। हमने पिछले 10 वर्षों में जो किया है उसकी गति और विस्तार भी बढ़ाएंगे। हम इस संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।’
12:15 PM, 03-Jul-2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘संविधान हमारे लिए सिर्फ संविधान के अनुच्छेद भर नहीं हैं बल्कि इसकी भावना भी हमारे लिए अहम है। किसी भी परिस्थिति में संविधान हमारा मार्गदर्शन करता है। मैंने जब लोकसभा में हमारी सरकार की तरफ से कहा था कि हम 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाएंगे, तो मैं हैरान हूं कि जो लोग आज संविधान को लेकर घूमते हैं, उन्होंने उसका विरोध किया था। संविधान हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है। अब जब हम 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं तो हमने इसे जन उत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया है। देश की जनता ने हमें जो तीसरी बार अवसर दिया है, वो अवसर विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत की यात्रा को मजबूती देने के लिए, संकल्प को सिद्धि तक ले जाने के लिए देश को करोड़ों लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया। ये चुनाव 10 वर्षों की सिद्धि पर तो मुहर है ही, साथ ही भविष्य के संकल्पों पर भी मुहर है। देश की जनता का भरोसा हम पर है और इसी भरोसे पर जनता ने हमें फिर से मौका दिया है। देश ने पिछले 10 वर्षों में हमारे देश की अर्थव्यवस्था को दसवें नंबर से पांचवें नबर पर पहुंचते देखा है। देश की जनता ने प्रोपेगैंडा को खारिज कर परफॉर्मेंस को तरजीह दी है। इस बार देश की जनता ने हमें पांचवे नंबर से तीसरे नंबर पर पहुंचाने का जनादेश दिया है और हम इस संकल्प को पूरा करके रहेंगे।’








