नई दिल्ली: दिग्गज भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की बेटी को दुष्कर्म की धमकी देने वाला शख़्स हैदराबाद से गिरफ़्तार हो गया है। 23 साल के आरोपी को मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने बुधवार को पकड़ा है। उसे मुंबई लाया जा रहा है।
न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक़ गिरफ़्तार किए गए व्यक्ति का नाम रामनागेश अकुबाथिनी है। उसने IIT हैदराबाद से बीटेक किया है। वह पेशे से इंजीनियर है और कुछ समय पहले तक फूड डिलिवरी एप के लिए काम करता था।
कब दी थी धमकी
T-20 वर्ल्ड कप में भारत को लगातार हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के बाद टीम इंडिया, न्यूज़ीलैंड से भी मैच हार गई। इसके बाद खिलाड़ी आलोचकों के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने विरोध की सीमा पार करते हुए खिलाड़ियों के परिवार को टारगेट करना शुरू कर दिया था। 24 अक्टूबर को भारत पाकिस्तान से मैच हार गया था। इसके बाद एक अनजान सोशल मीडिया अकाउंट से विराट कोहली के बेटी वामिका के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दुष्कर्म की धमकी दी गई थी। आरोपी ने ट्वीट करने के बाद अकाउंट डिलीट कर दिया था।
दिल्ली महिला आयोग ने दिखाई थी सख़्ती
इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने भी सख़्ती दिखाई थी। उन्होंने कहा था कि कुछ ऐसे टवीट्स आए हैं, जिनमें विराट की 9 महीने की बेटी से बलात्कार र की धमकियां दी गईं। मालीवाल ने दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने दिल्ली पुलिस से FIR की जानकारी माँगी थी।
टीम की हार से बौखला गए थे क्रिकेट फैंस
दरअसल टी20 वर्ल्ड कप 2021 के शुरुआती दो मुक़ाबलों में भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) को पाकिस्तान (Pakistan) और न्यूज़ीलैंड (New Zealand) के ख़िलाफ़ क्रमशः 10 विकेट, 8 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद क्रिकेट फैंस का गुस्सा फूट पड़ा था। सोशल मीडिया पर टीम इंडिया और उनके परिजनों को टार्गेट करके अपशब्द कहे गए थे। कई लोगों ने तो सीमा ही लांघ दी थी जिनमें से श्रीनिवासन भी एक है। श्रीनिवासन ने विराट और अनुष्का की बेटी को रेप की धमकी दे दी थी। इस मामले के सामने आने के बाद कई लोग विराट और अनुष्का के सपोर्ट में खड़े हो गए थे। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग ने भी प्रसंज्ञान लिया था। दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस को नोटिस जारी कर मामले में कार्रवाई के बारे में पूछा था।
धोनी की बेटी को भी मिली थी धमकी
यह पहला मौक़ा नहीं है, जब ट्रोलर्स ने क्रिकेटर्स की फैमिली को निशाना बनाया। IPL में फेल होने पर ट्रोलर्स ने धोनी की पत्नी साक्षी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी 5 साल की बेटी जीवा से रेप की धमकी दी थी। तब एक्ट्रेस नगमा ने इस बात की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा था कि यह देश में क्या हो रहा है?
धोनी की बेटी से दुष्कर्म करने के मामले में कच्छ से एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया था। आरोपी 16 साल का और 11वीं का स्टूडेंट था। पश्चिम कच्छ पुलिस की गिरफ़्त में आने से पहले आरोपी ने विवादित कमेंट सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया था।