मुंबई: अक्षय कुमार की हालिया रिलीज फ़िल्म ‘सूर्यवंशी’ (Sooryavanshi) 5 नवंबर को रिलीज हुई है। तब से अब तक यानी 6 दिन में फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर ज़बरदस्त कमाई की है। एक हफ़्ते के बाद भी दर्शक फ़िल्म को उतना ही प्यार दे रहे हैं। रिलीज के छठवें दिन यानी बुधवार को फ़िल्म ने क़रीब 9.50 करोड़ रुपए का बिजनेस किया। इसके साथ ही फ़िल्म की कुल कमाई अब 112 करोड़ रुपए पहुंच गई है। फ़िल्म ‘सूर्यवंशी’ के साथ रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के नाम भी एक नया रिकॉर्ड जुड़ गया है। डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने ‘सूर्यवंशी’ के साथ अपने करियर की 9वीं ब्लॉकबस्टर फ़िल्म दी है। रोहित शेट्टी की यह फ़िल्म 2021 की पहली 100 करोड़ फ़िल्म बन गई है। वहीं, 100 करोड़ी बनते ही सूर्यवंशी ने शेट्टी की हिट फ़िल्मों की लिस्ट में अपना नाम जोड़ दिया है। वहीं, कैटरीना कैफ की भी यह आठवीं सुपरहिट फ़िल्म है। बता दें कि फ़िल्म अजय देवगन (Ajay Devgn) और रणवीर सिंह (Ranveer Singh) ने कैमियो किया है।
अक्षय कुमार की 15वीं 100 करोड़ी फ़िल्म
सूर्यवंशी अक्षय कुमार के करियर की 15वीं सौ करोड़ी फ़िल्म बन गई है। हालांकि, फ़िल्म रिलीज के साथ ही ऑनलाइन लीक हो गई थी। ऐसा कहा जा रहा था इससे मेकर्स को करोड़ों का नुक्सान हो सकता है। रिपोर्ट्स की मानें तो सूर्यवंशी कई सारी वेबसाइट्स पर लीक हुई। इन वेबसाइट्स में लेटेस्ट मूवी लीक करने के मामलों में टॉप पर रहने वाली साइट तमिल रॉकर्स का नाम शामिल है। बता दें कि फ़िल्म को क़रीब 225 करोड़ रुपए के बजट में तैयारी की गई है।
5300 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई सूर्यवंशी
सूर्यवंशी ने विदेशों में कमाई का एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इस फ़िल्म को 66 देशों में 1300 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है। इसके साथ ही देश में 4000 से अधिक स्क्रीन पर रिलीज हुई है। कई जगहों पर धीमी शुरुआत के बाद फ़िल्म ने रफतार पकड़ी। फ़िल्म सूर्यवंशी में अक्षय कुमार के साथ कैटरीना कैफ लीड रोल में है। इनके अलावा अजय देवगन (Ajay Devgn) और रणवीर सिंह (Ranveer Singh) भी इस फ़िल्म में स्पेशल रोल प्ले करते नज़र आ रहे हैं।