The News Air- नवजोत सिंह सिद्धू के पूर्व एडवाइजर मलविंदर सिंह मल्ली एक बार फिर अपनी पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। पहले वह सिद्धू के विपक्षी कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा करते थे, लेकिन अब उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के कनवीनर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साध दिया है।
पंजाब विधानसभा में आज 10 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली। इस पर मलविंदर सिंह मल्ली ने अपने फेसबुक एकाउंट पर एक पोस्ट डाल दी। जिसमें उन्होंने दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। मल्ली ने लिखा कि केजरीवाल ने नए चेहरों को मौका देने की बात कह कर नई सरकार में चुनकर आए समर्थ व सीनियर लीडर्स को नजर अंदाज कर दिया है। आने वाले दिनों में अब जल्द ही पंजाब आप पार्टी का ऐसा प्रधान चुना जाएगा, जो केजरीवाल के इशारों पर काम करेगा।
केजरीवाल अपने तरीकों से पंजाब चलाना चाहते हैं
मलविंदर सिंह मल्ली ने बताया कि केजरीवाल अपनी मर्जी से सरकार चलाना चाहते हैं। उनके पास सीएम पद के लिए भगवंत मान के अलावा कोई और चेहरा नहीं था, लेकिन अब वह जल्द ही पंजाब प्रधान चुनेंगे जो उनके इशारों पर पंजाब सरकार के उलट चलेगा। इसका एक सबूत कुलतार सिंह संधवां हैं। शुरू से ही कुलतार सिंह सीएम भगवंत मान के उलट चले और अब उन्हें विधानसभा का स्पीकर लगा दिया गया।