The News Air: पंजाब कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू बुधवार को रोपड़ पहुंचकर CM भगवंत मान पर जमकर बरसे। सिद्धू ने पूछा कि मान सरकार ने जो भी अनाउंसमेंट की, उसका नोटिफिकेशन हुआ? सिद्धू ने CM भगवंत मान से पूछा कि क्या उनका नाम ‘ऐलानवंत’ है। 24 घंटे में बरगाड़ी का इंसाफ़ क्यों नहीं मिला? हरी स्याही वाला पेन कहां है? सीएम मान ने कल ही सिद्धू पर क़रारे तंज़ कसे थे कि पहले वह अपने ग्रुप को कांग्रेस से मंज़ूरशुदा तो करवाएं, उसके बाद विरोध कर लें।
दिल्ली में अंगूठा लगा राज्य को केंद्रशासित प्रदेश का ग़ुलाम बना दिया
नवजोत सिद्धू ने कहा कि मुझे नहीं पता कि किस हालत में भगवंत मान दिल्ली में अंगूठा लगाकर आ गए। पंजाब एक पूरा राज्य है, इसे एक केंद्रशासित प्रदेश का ग़ुलाम बना दिया है। आज दिल्ली मॉडल की बात करते हैं। भगवंत मान 8 साल MP रहे, क्यों वहाँ मोहल्ला क्लीनिक क्यों नहीं बनाए। भगवंत मान अपनी ज़िम्मेदारी भूल गए हैं। हम सवाल पूछ रहे हैं, जवाब देना होगा। हमने ग़लती की तो लोगों ने सज़ा दे दी।
मान ने कहा था- पहले अपने ग्रुप को मान्यता तो दिलवा दो
नवजोत सिद्धू ने कल भी पंजाब और दिल्ली सरकार के नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट पर निशाना साधा था। इसके बाद भगवंत मान ने सिद्धू पर तंज़ कसा कि पहले वह अपने ग्रुप को कांग्रेस से मान्यता तो दिलवा दें। राजपुरा थर्मल प्लांट में धरना देने पर राजा वड़िंग ने कहा कि वह कांग्रेस का धरना नहीं था। सिद्धू अपने आदमियों के साथ धरना दे रहे थे। मान ने कहा था कि सिद्धू बिजली समझौते रद्द करने की बात करते हैं। जब उन्हें बिजली मंत्री बनाया तो वह भाग गए। मंत्री बनकर उन्होंने यह कार्रवाई क्यों नहीं की?